Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की

March 15, 2024

सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की

नयी दिल्ली: केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले और आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है और नई कीमतें 15 मार्च को सुबह 6 बजे से लागू होंगी। पेट्रोलियम एंव प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने “एक्स” पर कहा कि तेल विपणन कंपनियों ने सूचित किया है कि उन्होंने पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है।

आज का निर्णय पिछले सप्ताह 8 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एलपीजी गैस सिलेंडर में 100 रुपये की कटौती की घोषणा करने के ठीक बाद ली गई है। पेट्रोलियम एं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, “पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी से उपभोक्ता खर्च को बढ़ावा मिलेगा और डीजल पर चलने वाले 58 लाख से ज्यादा भारी माल वाहनों, 6 करोड़ कारों और 27 करोड़ दोपहिया वाहनों के परिचालन लागत में कमी आएगी।

श्री पुरी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में 2 रुपये की कमी कर प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपने करोड़ों भारतीय परिवारों का कल्याण और सुविधा हमेशा उनका लक्ष्य रहा है। तेल विपणन कंपनियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी से नागरिकों को अधिक खर्च करने योग्य आय प्राप्त होगी और मुद्रास्फीति को नियंत्रित करते हुए पर्यटन और यात्रा को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके परिणामस्वरूप परिवहन पर निर्भर व्यवसायों का खर्च कम होगा और लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण और खुदरा क्षेत्रों को लाभ पहुंचेगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी होने से किसानों को ट्रैक्टर और खेतों में पंप सेट के लिए कम खर्च करना होगा।

ये भी पढ़ें: एक हुनर ऐसा भी…कबाड़ और पुराने सामान से व्यक्ति ने तैयार की सोलर कार, बनाने में आया मात्र इतना खर्च

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें