Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.17 लाख करोड़ रुपये घटा

April 23, 2023

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.17 लाख करोड़ रुपये घटा

नयी दिल्ली: सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,17,493.78 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की कंपनी इन्फोसिस रही। सप्ताह के दौरान नुकसान में रहने वाली आठ कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। सिर्फ आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई।

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 775.94 अंक या 1.28 प्रतिशत के नुकसान में रहा। समीक्षाधीन सप्ताह में इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 66,854.05 करोड़ रुपये घटकर 5,09,215 करोड़ रुपये रह गया। इन्फोसिस का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ उम्मीद से कम रहा है। कंपनी ने 13 अप्रैल को अपना मार्च तिमाही का नतीजा घोषित किया था। एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 10,880.5 करोड़ रुपये घटकर 9,33,937.35 करोड़ रुपये पर आ गया।

आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 10,462.77 करोड़ रुपये घटकर 6,17,477.46 करोड़ रुपये रह गई। टीसीएस के बाजार मूल्यांकन में 10,318.52 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 11,56,863.98 करोड़ रुपये पर आ गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का बाजार मूल्यांकन 8,458.53 करोड़ रुपये घटकर 5,86,927.90 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी की बाजार हैसियत 5,172.27 करोड़ रुपये के नुकसान से 5,06,264.24 करोड़ रुपये पर आ गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 4,566.52 करोड़ रुपये घटकर 15,89,169.49 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल की 780.62 करोड़ रुपये के नुकसान से 4,26,635.46 करोड़ रुपये रह गई।

इस रुख के उलट आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 15,907.86 करोड़ रुपये बढक़र 5,07,373.82 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसबीआई के मूल्यांकन में 8,746.11 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 4,84,561.80 करोड़ रुपये रहा। सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, आईटीसी, एचडीएफसी, एसबीआई और भारती एयरटेल का स्थान रहा।

ये भी पढ़ें: कब आएगा हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा का रिजल्ट, जानें तारीख

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें