Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन भी दिखी गिरावट… जानिए क्या हैं इन बड़ी कंपनियों के हाल

October 16, 2023

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन भी दिखी गिरावट… जानिए क्या हैं इन बड़ी कंपनियों के हाल

 

मुंबई: इसराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष के कारण आर्थिक विकास को लेकर उपजी चिंताओं के दबाव में विश्व बाजार के गिरने से स्थानीय स्तर पर नेस्ले, टीसीएस, रिलायंस, मारुति और एसबीआई समेत 19 कंपनियों में हुई बिकवाली से आज शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरावट पर रहा। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 115.81 अंक टूटकर 66166.93 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 19.30 अंक फिसलकर 19731.75 अंक रह गया।

हालांकि दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में लिवाली हुई। इससे बीएसई का मिडकैप 0.25 प्रतिशत चढ़कर 32,387.42 अंक और स्मॉलकैप 0.34 प्रतिशत उठकर 38,316.11 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 3953 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2033 में लिवाली जबकि 1746 में बिकवाली हुई वहीं 174 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 22 कंपनियां हरे जबकि 27 लाल निशान पर रही वहीं एक के भाव स्थिर रहे। बीएसई के नौ समूहों में बिकवाली हुई।

इस दौरान एफएमसीजी 0.28, वित्तीय सेवाएं 0.04, हेल्थकेयर 0.47, आईटी 0.10, दूरसंचार 0.74, बैंकिंग 0.11, रियल्टी 0.39, टेक 0.32 और सर्विसेज समूह के शेयर 0.17 प्रतिशत चढ़ गए। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गिरावट का रुख रहा। इस दौरान जर्मनी का डैक्स 0.10, जापान का निक्केई 2.03, हांगकांग का हैंगसेंग 0.97 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.46 प्रतिशत उतर गया जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.29 प्रतिशत की तेजी रही।

ये भी पढ़ें: तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, जीजा-साले की हुई मौत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें