Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिर आसमान छूने लगे टमाटर के दाम, Mother Dairy की दुकानों पर बिका 259 रुपए प्रति किलो

August 2, 2023

फिर आसमान छूने लगे टमाटर के दाम, Mother Dairy की दुकानों पर बिका 259 रुपए प्रति किलो

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में टमाटर की कीमतें एक बार फिर आसमान छू रही हैं। मदर डेयरी ने अपनी सफल खुदरा दुकानों पर बुधवार को टमाटर 259 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचा। टमाटर के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आपूर्ति बाधित होने से इसकी कीमतें एक महीने से अधिक समय से बढ़ी हुई हैं। केंद्र सरकार ने स्थिति को देखते हुए 14 जुलाई से रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू की। राष्ट्रीय राजधानी में खुदरा कीमतें हाल ही में कम होने लगी थीं, लेकिन कम आपूर्ति के कारण इनमें फिर से उछाल आ गया है।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रलय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को टमाटर की खुदरा कीमत 203 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि मदर डेयरी की सफल खुदरा दुकानों पर इसकी कीमत 259 रुपये प्रति किलोग्राम रही। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ मौसम के खराब होने के कारण पिछले दो महीने से देशभर में टमाटर की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पिछले दो दिन में आजादपुर मंडी में टमाटर की आवक काफी कम हुई है। कम आपूर्ति के कारण थोक कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिसका असर खुदरा कीमतों पर भी पड़ा है।’’

एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी थोक मंडी आजादपुर में टमाटर की थोक कीमतें बुधवार को गुणवत्ता के आधार पर 170-220 रुपये प्रति किलोग्राम रहीं। आजादपुर टमाटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने कहा, ‘‘ पिछले तीन दिन में टमाटर की आवक कम हुई है क्योंकि भारी बारिश के कारण उत्पादक क्षेत्रों में फसल खराब हो गई है।’’ उन्होंने बताया कि आजादपुर मंडी में बुधवार को टमाटर की केवल 15 प्रतिशत आपूर्ति हुई। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से केवल छह छोटे ट्रकों में आपूर्ति की गई। इससे भी कीमतें बढ़ींकौशिक ने कहा कि आपूर्ति की स्थिति में अगले 10 दिन में सुधार की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें : कुलदीप बिश्नोई को नोटिस देकर मांगेंगे जवाब : मोहन बड़ौली

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें