Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Toyota Kirloskar Motor की बिक्री में रफ्तार कायम रहने की उम्मीद

April 6, 2025

Toyota Kirloskar Motor की बिक्री में रफ्तार कायम रहने की उम्मीद

नई दिल्ली: टोयोटा किलरेस्कर मोटर (टीकेएम) को चालू वित्त वर्ष में भी अपनी बिक्री में वृद्धि की रफ्तार कायम रहने की उम्मीद है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बात कही है। टोयोटा किलरेस्कर मोटर के उपाध्यक्ष (बिक्री-सेवा-पुरानी कार कारोबार) वरिंदर वाधवा ने कहा कि कंपनी की योजना चालू वित्त वर्ष में अपने बिक्री नेटवर्क का विस्तार करने और नए मॉडल पेश करने की है।

पिछले वित्त वर्ष में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज करने वाली वाहन कंपनी को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में उसके एसयूवी और एमपीवी वाहनों की मांग मजबूत बनी रहेगी। वाधवा ने कहा कि कंपनी की योजना उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कार्बन निरपेक्षता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत विद्युतीकरण की संभावना तलाशने की है। इसके तहत कंपनी बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन लाने की भी तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि छोटी कारों से लेकर प्रमुख वाहन तक, हमारे पास अभी जिस तरह का उत्पाद पोर्टफोलियो है, बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता और हमारे नेटवर्क को दूसरी और तीसरी श्रेणी के बाजार मे बढ़ाकर, हम अपनी स्थिति और मजबूत कर सकते हैं और देश के वाहन बाजार में और बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।’  वाधवा ने कहा कि कंपनी देश के ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में अपनी उपस्थिति का विस्तार करना चाहती है।

उन्होंने कहा, हम अपना बिक्री नेटवर्क बढ़ा रहे हैं। हम अपने ग्राहकों के और करीब जाना चाहते हैं, खासकर अब जब हमारे पास उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला है। टोयोटा किलरेस्कर मोटर के वर्तमान में देशभर में लगभग 1,100 बिक्री केंद्र (आउटलेट) हैं।

वाधवा ने कहा कि सुजुकी के साथ सहयोग ने वाहन कंपनी को ग्लैंजा और अर्बन क्रूजर टैसर जैसे मॉडल पेश करने में सक्षम बनाया है, जिन्हें घरेलू बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। कंपनी निर्यात में भी अच्छी वृद्धि देख रही है। वाधवा ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में टीकेएम का निर्यात इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 59 प्रतिशत बढ़ा है।

ये भी पढ़ें: कपड़ा प्रेस करने वाले के खाते से हुआ 598 करोड़ लेन-देन, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें