Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्याज और टमाटर के दाम बढ़ने से शाकाहारी थाली मार्च में 7% महंगी

April 5, 2024

प्याज और टमाटर के दाम बढ़ने से शाकाहारी थाली मार्च में 7% महंगी

मार्च महीने में प्याज, टमाटर और आलू की कीमतें बढ़ने से शाकाहारी थाली सालाना आधार पर सात प्रतिशत तक महंगी हो गई। घरेलू रेटिंग एजैंसी क्रिसिल की एक इकाई ने यह सव्रेक्षण पेश किया। क्रिसिल मार्कीट इंटैलीजैंस एंड एनालिसिस ने अपनी मासिक ‘रोटी चावल दर’ रिपोर्ट में कहा कि पॉल्ट्री की कीमतें घटने से पिछले महीने मांसाहारी थाली की लागत में सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

शाकाहारी थाली में रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद आता है। इस थाली की कीमत मार्च में बढ़कर 27.3 रुपए प्रति प्लेट हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 25.5 रुपए थी। हालांकि, फरवरी के 27.4 रुपए की तुलना में मार्च में शाकाहारी थाली की कीमत घटी है।

रिपोर्ट कहती है, आवक कम होने और कम आधार दर के कारण प्याज का दाम सालाना आधार पर 40 प्रतिशत, टमाटर का दाम 36 प्रतिशत और आलू का दाम 22 प्रतिशत बढ़ने से शाकाहारी थाली महंगी हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कम आवक के कारण एक साल पहले की तुलना में चावल का दाम भी 14 प्रतिशत और दालों की कीमतें 22 प्रतिशत बढ़ गई हैं।

वहीं मांसाहारी थाली की कीमत एक साल पहले की समान अवधि में 59.2 रुपए थी जो पिछले महीने घटकर 54.9 रुपए रह गई, लेकिन फरवरी के 54 रुपए प्रति थाली की तुलना में इसकी कीमत अब भी अधिक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें