Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत में एंट्री करने जा रही VinFast की इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज, जल्द लॉन्च होंगे 3 नए मॉडल

November 19, 2026

भारत में एंट्री करने जा रही VinFast की इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज, जल्द लॉन्च होंगे 3 नए मॉडल

VinFast India Launch 2027: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी अब इलेक्ट्रिक कारों के बाद दोपहिया सेगमेंट में भी कदम रखने जा रही है। VinFast ने पुष्टि की है कि वह साल 2027 में भारत में अपने तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश करेगी।

कंपनी की इस नई रेंज में Evo, Kyo और Kinet मॉडल शामिल होंगे। ये स्कूटर फिलहाल वियतनाम के बाजार में उपलब्ध मॉडल्स पर आधारित होंगे। खास बात यह है कि कंपनी इन्हें सीधे विदेश से आयात करने के बजाय भारतीय ग्राहकों और यहां की सड़कों की जरूरतों के अनुसार अपडेट करके स्थानीय स्तर पर बनाएगी। आइए जानते हैं इन तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की संभावित रेंज, फीचर्स और कीमत के बारे में।

1. VinFast Evo: कम कीमत में 165 KM तक की रेंज

VinFast Evo कंपनी की आगामी इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज का किफायती मॉडल हो सकता है। इसे खासतौर पर रोजाना ऑफिस जाने, बाजार और शहर के भीतर सफर करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

इसमें 1.5 kWh की बिल्ट-इन बैटरी दी गई है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार 1.5 kWh की अतिरिक्त रिमूवेबल बैटरी लगाने का विकल्प भी मिलता है। इसमें 2.45 kW की पीक पावर वाली हब मोटर दी गई है, जिसकी मदद से स्कूटर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार हासिल कर सकता है।

कंपनी के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यह एक बार फुल चार्ज होने पर 165 किलोमीटर तक चल सकता है। वियतनाम में इसकी कीमत भारतीय मुद्रा के हिसाब से लगभग 68,350 रुपये है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने पर इसकी वास्तविक कीमत अलग हो सकती है।

2. VinFast Kyo: बेहतर बैलेंस और बड़े पहियों वाला स्कूटर

इस लाइनअप का दूसरा मॉडल VinFast Kyo होगा। इसे Evo के मुकाबले ज्यादा पावर और बेहतर राइडिंग अनुभव के साथ पेश किया जाएगा। इसमें 3 kW की पीक पावर वाली हब मोटर मिलती है।

रेंज की बात करें तो यह स्कूटर एक बार चार्ज करने पर करीब 160 किलोमीटर तक चलने का दावा करता है। इसकी एक खासियत इसके 14 इंच के बड़े फ्रंट और रियर व्हील हैं। बड़े पहियों की वजह से खराब और ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर बेहतर संतुलन मिलने की उम्मीद है।

चार्जिंग के मामले में भी यह स्कूटर उपयोगी साबित हो सकता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इसकी दोनों बैटरियों को 0 से 100 प्रतिशत चार्ज करने में लगभग 4 घंटे 30 मिनट का समय लगता है। वियतनाम में इसकी कीमत करीब 1.09 लाख रुपये के बराबर है।

3. VinFast Kinet: स्पोर्टी लुक और 90 KM/H की टॉप स्पीड

अगर आप इलेक्ट्रिक स्कूटर में बेहतर स्पीड और दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं, तो VinFast Kinet इस रेंज का खास मॉडल हो सकता है। कंपनी ने इसे स्पोर्टी राइडिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया है।

इसमें 5.2 kW की दमदार इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। यह स्कूटर महज 6 सेकंड में 0 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। वहीं इसकी टॉप स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है।

रेंज के मामले में भी यह पीछे नहीं है। कंपनी के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, Kinet एक बार फुल चार्ज होने पर 145 किलोमीटर तक चल सकता है। वियतनाम में इसकी कीमत भारतीय मुद्रा के हिसाब से लगभग 1.45 लाख रुपये है।

भारत में लोकल मैन्युफैक्चरिंग से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

VinFast की भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की योजना से दोपहिया EV सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। स्थानीय स्तर पर निर्माण करने से कंपनी को भारतीय बाजार की जरूरतों के मुताबिक प्रोडक्ट तैयार करने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें…

किफायती Evo से लेकर पावरफुल Kinet तक, कंपनी अलग-अलग बजट और जरूरत वाले ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश करेगी। हालांकि, इन स्कूटर्स की भारत में लॉन्च कीमत, वास्तविक रेंज, फीचर्स और वेरिएंट की जानकारी लॉन्च के समय ही स्पष्ट होगी।

VinFast के तीनों स्कूटर्स की एक नजर में जानकारी

मॉडल पीक मोटर पावर दावा की गई रेंज टॉप स्पीड
Evo 2.45 kW 165 KM 70 KM/H
Kyo 3 kW 160 KM जानकारी उपलब्ध नहीं
Kinet 5.2 kW 145 KM 90 KM/H

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें