नई दिल्ली : मेटा के स्वामित्व वाली कंपनी व्हाट्सएप्प जल्द ही उपयोगकर्ताओं को ऐप से बाहर निकले बिना अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए डेटा ई-सिम खरीदने और इंस्टॉल करने की सुविधा देगी। इससे विदेश में भी उपयोगकर्ता अपने मौजूदा फोन नंबर पर व्हाट्सएप्प चला सकेंगे।
कंपनी ने बताया कि वह जियो, स्मार्ट एक्सियाटा, स्मार्ट कम्युनिकेशंस और वेरिजॉन सहित कई ई-सिम प्रदाताओं और दूरसंचार कंपनियों के साथ काम कर रही है। शुरुआत में यह सुविधा चुनिंदा देशों में उपलब्ध होगी। हालांकि, कंपनी ने अभी देशों और कीमतों की जानकारी नहीं दी है।
व्हाट्सएप्प के अनुसार, इस सुविधा से विदेश पहुंचने पर स्थानीय सिम खरीदने या रोमिंग शुल्क की चिंता किए बिना इंटरनेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। उपयोगकर्ता कुछ ही टैप में ई-सिम खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। व्हाट्सएप्प के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसे ई-सिम के क्षेत्र में कंपनी की शुरुआती पहल बताया। मेटा के अनुसार, दुनियाभर में व्हाट्सएप्प के तीन अरब से अधिक उपयोगकर्ता हैं।