Credit Cards: आजकल मॉल हो या शॉपिंग सेंटर, आपको बैंक के कर्मचारी क्रेडिट कार्ड के लिए लोगों को अप्रोच करते हुए आसानी से दिख जाएंगे। इसके अलावा, फोन कॉल और ईमेल के जरिए भी बार-बार ऑफर भेजे जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बैंक इतने जोर-शोर से क्रेडिट कार्ड के लिए क्यों प्रचार करते हैं और इससे उनका फायदा कैसे होता है?
क्रेडिट कार्ड का बढ़ता हुआ रुझान
भारत में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसके जरिए ग्राहक शॉपिंग, ट्रैवल, ऑनलाइन पेमेंट जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। आमतौर पर पेमेंट के लिए 45 दिनों तक का समय मिलता है, और समय पर बिल भरने पर कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं। लेकिन सिर्फ यूजर ही नहीं, बल्कि बैंक भी इससे लाभ कमाता है।

बैंक की कमाई कैसे होती है?
रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2025 तक भारत में 11 करोड़ से अधिक एक्टिव क्रेडिट कार्ड हैं। बैंक इस बिजनेस मॉडल से मुख्य रूप से ब्याज और विभिन्न शुल्कों के जरिए मुनाफा कमाते हैं। अगर कार्डधारक समय पर पेमेंट नहीं करते हैं, तो बकाया राशि पर 15-40 प्रतिशत तक ब्याज लगाया जा सकता है।
इसके अलावा, बैंक क्रेडिट कार्ड से कई प्रकार के शुल्क वसूलते हैं, जैसे:
एनुअल रिन्यूअल फीस
लेट पेमेंट चार्ज
कैश एडवांस फीस
बैलेंस ट्रांसफर फीस
EMI कन्वर्ज़न फीस
इन शुल्कों से बैंक की आमदनी अच्छी-खासी बढ़ जाती है। यही कारण है कि बैंक अधिक से अधिक ग्राहकों को जोड़ने और उनकी खर्च करने की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान देते हैं।
इंटरचेंज फीस और कैश एडवांस फीस
इंटरचेंज फीस: जब आप क्रेडिट कार्ड से कोई सामान खरीदते हैं, तो बैंक मर्चेंट से 1-3 प्रतिशत तक का कमीशन लेता है।
कैश एडवांस फीस: अगर आप क्रेडिट कार्ड से ATM या बैंक से पैसे निकालते हैं, तो 2.5-5 प्रतिशत शुल्क लगता है और ब्याज तुरंत लागू हो जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर 10,000 रुपये निकाले जाते हैं और 3 प्रतिशत फीस लगे, तो बैंक तुरंत 300 रुपये कमाएगा, और इसके अलावा ब्याज से अतिरिक्त कमाई होगी।
ये भी पढ़ें: सर्दियों में गीजर बन सकता है खतरा, समय पर नही दिया ध्यान, तो हो सकता है ब्लास्ट
बढ़ता क्रेडिट कार्ड खर्च
जनवरी 2025 में भारत में क्रेडिट कार्ड से कुल खर्च 10.8 प्रतिशत बढ़कर 1.84 ट्रिलियन रुपये (1,84,000 करोड़) हो गया। बैंक ग्राहकों को रिवॉर्ड्स, कैशबैक, ट्रैवल डिस्काउंट जैसी सुविधाएं देकर अधिक खर्च के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
सही तरीके से इस्तेमाल करने पर क्रेडिट कार्ड आपकी क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत करता है, जो भविष्य में लोन लेने में मददगार होती है। लेकिन अनियंत्रित खर्च से बचने के लिए RBI और बैंक नियमों को लगातार सख्त कर रहे हैं।