Site icon Dainik Savera Times

Zomato ने अपनी शाकाहारी सेवा के लिए हरे रंग की वेशभूषा का फैसला पलटा

नई दिल्ली: खाने-पीने के सामान की ऑनलाइन आपूर्ति करने वाली कंपनी जोमैटो ने शाकाहारी उत्पादों की आपूर्ति के लिए एक अलग सेवा शुरू करने को लेकर हो रही आलोचना के बीच बुधवार को कहा कि उसके सभी कर्मचारी पहले की तरह सिर्फ लाल रंग की वेशभूषा में ही नजर आएंगे। जोमैटो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दींपिदर गोयल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि शाकाहारी उत्पादों की आपूर्ति करने वाले कर्मचारियों को हरे रंग की वेशभूषा पहनाने का विचार छोड़ा जा रहा है और सभी आपूर्तिकर्ता लाल रंग की वेशभूषा में ही रहेंगे।

गोयल ने कहा, “हम शाकाहारी ग्राहकों के लिए एक अलग दस्ता शुरू करना जारी रख रहे हैं लेकिन हमने वेशभूषा के रंग के आधार पर फर्क को हटाने का फैसला किया है। हमारे सामान्य दस्ते और शाकाहारी दस्ते दोनों के ही सदस्य लाल रंग की वेशभूषा में ही रहेंगे।” दरअसल शाकाहारी उत्पादों की आपूर्ति के लिए एक अलग दस्ता बनाने के जोमैटो के फैसले का सोशल मीडिया पर विरोध होने लगा था।

लोगों का कहना था कि लाल और हरे रंग के आधार पर आपूर्तिकर्ताओं को आवासीय सोसाइटी के भीतर घुसने देने को लेकर विवाद हो सकता है। इसी के बाद जोमैटो ने इस फैसले में बदलाव किया है। गोयल ने कहा कि सभी चालकों के सिर्फ लाल रंग की ही वेशभूषा में रहने से शाकाहारी या मांसाहारी उत्पादों के आपूर्तिकर्ताओं के बीच कोई फर्क नहीं हो सकेगा। हालांकि कंपनी के ऐप पर ये दोनों खंड अलग-अलग नजर आते रहेंगे।

ये भी पढ़ें: सरकार का आम आदमी को बड़ा झटका, इतने रुपये महंगा हुआ LPG सिलेंडर

Exit mobile version