चंडीगढ़: सामाजिक सरोकारों, मानवाधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को साहस और समर्पण के साथ उठाने के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा सम्मानित युवा अधिवक्ता एडवोकेट तनुज गोयल को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ की उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के कानूनी सहायता परिषद पैनल में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके कानूनी ज्ञान, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति अपार समर्पण का प्रमाण है।
यह नियुक्ति जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। इस नई भूमिका के माध्यम से तनुज गोयल समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़े हैं। एडवोकेट तनुज गोयल न केवल एक मेहनती अधिवक्ता हैं, बल्कि एक समर्पित समाजसेवी, लेखक और युवा प्रेरक के रूप में भी जाने जाते हैं।
वह वर्षों से फ्रेंड्स टू हेल्प नामक संस्था के माध्यम से राष्ट्रव्यापी रक्तदान अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं और अब तक 37 बार रक्तदान कर चुके हैं तथा देश भर के युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जब से वे वकालत के क्षेत्र में आए हैं, उन्होंने आम आदमी की समस्याओं को मजबूती से उठाया है। ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था, रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं की मांग, डिजिटल भुगतान प्रणाली का विस्तार – ऐसे कई जनहित के मुद्दे हैं जिन्हें उन्होंने प्रभावी ढंग से उठाया है।
उनकी सामाजिक सक्रियता को तब और पहचान मिली जब उन्हें महामहिम राज्यपाल द्वारा हरियाणा राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी की राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।
वह पिछले दो वर्षों से इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं और समाज के कमजोर वर्गों के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा, वह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय में मुख्य कानूनी सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं।
एडवोकेट तनुज गोयल की अन्य उपलब्धियाँ:
• निर्वाचन विभाग, हरियाणा द्वारा फतेहाबाद जिले के चुनाव ब्रांड एंबेसडर के रूप में नियुक्ति (2019)।
• बेल्जियम (यूरोप) में एक अंतरराष्ट्रीय संगठन द्वारा मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया जाना।
• पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ (सेक्टर-11 कॉलेज) द्वारा “प्रतिष्ठित पूर्व छात्र” की श्रेणी में चयनित होना।
• भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करना।
• एक युवा लेखक और कवि के रूप में, “तनुज की कलम” के नाम से लेखन।
इस नई नियुक्ति के साथ, अधिवक्ता तनुज गोयल अब उच्च न्यायालय स्तर पर निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए काम करेंगे, जिससे न्याय तक पहुंच अधिक प्रभावी और सुलभ हो सकेगी।
अधिवक्ता तनुज गोयल कहते हैं –
“मुझे गर्व है कि मैं कानूनी और सामाजिक माध्यमों से अपने क्षेत्र, राज्य और देश की सेवा कर सकता हूं। मेरे लिए यह जिम्मेदारी के साथ-साथ साधना भी है। मेरा सपना है कि कोई भी नागरिक, चाहे वह कितना भी वंचित क्यों न हो, न्याय से वंचित न रहे। यह नियुक्ति मेरे लिए सेवा का एक और अवसर है। न्याय केवल सक्षम लोगों का ही नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद का अधिकार है। मैं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।”

