Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा चंडीगढ़ नगर निगम के कच्चे कर्मचारियों का मामला, आयोग ने लिया संज्ञान

April 4, 2026

राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा चंडीगढ़ नगर निगम के कच्चे कर्मचारियों का मामला, आयोग ने लिया संज्ञान

पंजाब डेस्क : नगर निगम चंडीगढ़ में पिछले 18–20 वर्षों से दैनिक वेतन (डेली वेज) पर कार्यरत 95 सफाई कर्मचारियों की मांगों का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। इन कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति, चंडीगढ़ ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग से संपर्क किया है।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों की जायज मांगों को जल्द पूरा करने के लिए आयोग गंभीरता से कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग पूरी संवेदनशीलता के साथ कर्मचारियों के मुद्दों को देख रहा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आगे बताया कि सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बेसिक डीए, इनडोर मेडिकल सुविधा, मृत कर्मचारियों के परिवार के सदस्य को नौकरी, पोर्टल बूथ की व्यवस्था, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पुरानी पेंशन योजना की बहाली शामिल हैं।

हरदीप सिंह गिल ने कहा कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग देशभर के सफाई कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। आयोग का उद्देश्य न केवल उनकी मांगों को पूरा करना है, बल्कि उनके कार्यस्थल के माहौल को भी बेहतर बनाना है।

उन्होंने सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार चड्ढा और महासचिव जसबीर कुमार टांक को आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की सुविधाओं और उनके कामकाजी हालात में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर “घर-घर संविधान” अभियान के तहत हरदीप सिंह गिल को ऑस्ट्रेलिया से दीप चंडालिया की टीम द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में भगवान वाल्मीकि शोभा यात्रा आयोजन समिति चंडीगढ़ के सदस्य समदर्श वैद, नीरज कुमार, सौरव बच्चू, रानी, पप्पू चावला, सोनू महाराज और हरियाणा महासभा पंचकूला के अध्यक्ष सुरेश बैनीवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें