Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana में नशा, अपराध बढ़ता जा रहा, लोग पलायन करने को मजबूर : डॉ. सुशील गुप्ता

March 5, 2024

Haryana में नशा, अपराध बढ़ता जा रहा, लोग पलायन करने को मजबूर : डॉ. सुशील गुप्ता

जींद : आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता मंगलवार को अपने पैतृक गांव शामलो कलां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गांव के मौजिज लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत मुझे कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से उमीदवार बनाया है। कल मैं कार्यालय का उद्घाटन करूंगा, लेकिन उससे पहले मैं अपने गांव में दादा खेड़ा और सभी बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने आया हूं। क्योंकि ये गांव मेरी जन्म भूमि है और यहां से हमेशा मुझे और मेरे परिवार को प्यार मिलता रहा है।

उन्होंने कहा मैं सभी गांव वासियों से अपील करने आया हूं कि ये लड़ाई देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए है। हरियाणा में लगातार नशा और अपराध बढ़ रहा है। कहीं सरपंच को गोली मारी जाती है तो कहीं किसी पार्टी के अध्यक्ष को गोली मारी जाती है और कहीं कहीं तो व्यापारियों पर गोलियां चलाकर फिरौती मांगी जा रही है। जिसके डर से लोग अब हरियाणा से पलायन की सोचने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जहां हरियाणा में आपसी प्रेम का रिश्ता होता था लेकिन आज हरियाणा में जाति और धर्म का जो जहर खट्टर सरकार ने बोया है अब उसको बाहर करने का समय आ गया है। जिस प्रकार से ईडी सीबीआई के माध्यम से तंग किया जा रहा है, मनरेगा मजदूरों का बुरा हाल किया है, सरपंचों के अधिकार छीने गए हैं, हर वर्ग का कर्मचारी तानाशाही झेलने को मजबूर है, जिस प्रकार बिजली के कट लग रहे हैं और कई कई साल तक ट्यूबवेल के कनेक्शन नहीं मिलते अब इस व्यवस्था को बदलने की जरुरत है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पपलट गए। किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे थे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी थी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो खट्टर सरकार किसानों को रोक रही है। क्योंकि सीएम खट्टर को किसानों से दुश्मनी है। बाढ़ और बारिश से जब किसानों की फसल बर्बाद हो जाती है तो पोर्टल पोर्टल खेलते रहते हैं। जबकि पंजाब में फसल कटने से पहले मुआवजा किसानों के खाते में पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पूरे हरियाणा की चौधर शामलो के बेटे को सौंप रखी है इसलिए मैं अपने शामलो और अपने 12 गांवों के लोगों का आशीर्वाद लेने आया हूं। क्योंकि अब ये चुनाव आप लोगों ने संभालना है। उन्होंने कहा कि आज कुरुक्षेत्र लोकसभा के लोग सांसद नायब सैनी को गायब सैनी कह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि हरियाणा की आवाज बनकर हर समस्या को जोरदार तरीके से भारत की संसद में रखूंगा और देश की संसद को हरियाणा का हिसाब लूंगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा कुरुक्षेत्र से नायब सैनी को उमीदवार बनाती है तो जितने मार्जन से पिछली बार वो जीते थे अबकी बार उससे डबल मार्जन से हारेंगे। कुरुक्षेत्र से ही युग परिवर्तन होगा और नया आगाज होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन का उमीदवार हैं। हम सब मिलकर इस भ्रष्टाचारी, महिलाओं का अपमान करने वाली और किसान एमएसपी न देने वाली सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें