चंडीगढ़: शिरोमणी अकाली दल ने आज कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाते हुए कैंडल मार्च निकालकर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष चरनजीत सिंह विल्ली ने कैंडल मार्च की अगुवाई की।
कैंडल मार्च शुरू होने से पहले अकाली दल के मुख्य कार्यालय सेक्टर 28 में दिंवगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिन्ट का मौन रखा गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पार्टी कार्यालय से ट्रांसपोर्ट चैंक की ओर बढ़े और एक रैली भी निकाली गई, जिसमें दोषी आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए स. चरनजीत सिंह विल्ली ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या किए जाने से देश में हर कोई बेहद दुखी है। उन्होने कहा कि हर भारतीय इस आतंकी हमले का बदला लेना चाहता है और इस मामले में सरकार का पूरा समर्थन करता है।
अकाली नेता ने कहा कि इस मामले में पूरी दुनिया ने भारत का समर्थन किया है और हर कोई आतंकवाद के इस अमानवीय कृत्य की निंदा कर रहा है। उन्होने कहा कि इस कृत्य को किसी भी तरह से उचित नही ठहराया जा सकता। उन्होने कहा कि इस कृत्य के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है, जिसने इस हमले के लिए आतंकवादियों को प्रशिक्षित करके भारत भेजा था। उन्होने कहा कि हर बार की तरह पाकिस्तान इस हमले में अपना हाथ होने से इंकार कर रहा है। लेकिन आज दुनिया में सब जानते हैं कि यह पाकिस्तान ही है जिसने आंतकवाद को आनी राज्य पाॅलिसी के रूप में अपनाया हुआ है।
उन्होने कहा कि हर भारतीय को आशा है कि भारत सरकार इन आतंकवादियों और उनके आकाअओं को मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होने कहा कि अकाली दल ने हमेशा देश का साथ दिया है और देश में हर कोई जानता है कि देश की आजादी की लड़ाई में पंजाबियों का सबसे बड़ा योगदान रहा है और आज भी पंजाबी सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सबसे आगे हैं।
स. विल्ली ने फिर से भारत सरकार से इस मामले में कड़ा फैसला लेने और मानवता के खिलाफ अपराध के इन अपराधियों को आजीवन सबक सिखाने का आग्रह किया है।