Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

महंत की हत्या करने आए 11 बदमाश पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

November 8, 2023

महंत की हत्या करने आए 11 बदमाश पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मथुराः मथुरा जिले के किशोरी कुंज आश्रम के महंत की कथित तौर पर हत्या करने आए 11 बदमाशों को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना में चार बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों की टीम ने मंगलवार आधी रात को वृन्दावन इलाके में पानीघाट के पास 11 लोगों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में गोली लगने से चार बदमाश जख्मी हो गए। बाद में सभी 11 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि ये बदमाश किशोरी कुंज आश्रम के महंत स्वामी राज की हत्या करने के इरादे से एकत्र हुए थे। स्वामी राज का अपने बेटे केशव दास से विवाद है। बिहार की जेल में बंददास को मंगलवार को बिहार की पुलिस मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में लेकर आई थी।

सिंह ने बताया कि केशव दास ने आश्रम विवाद को लेकर इन 11 लोगों को अपने पिता की हत्या करने के लिए कहा था। पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान बिपिन, टीटू, अजय और राज सिकरवार के रूप में की गई है। गिरफ्तार किए गए 11 लोगों में से चार बिहार के हैं और बाकी उत्तर प्रदेश के हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक कार, चार तमंचे, कई कारतूस, लोहे की रॉड, रस्सी, मोबाइल फोन आदि बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी टीटू आठ आपराधिक मामलों में शामिल है, बाकी आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें