Dainik Savera Times

फरक्का एक्सप्रेस से 27 कछुए और सिलचर स्टेशन से 1350 मेंढक बरामद

1350 frogs recovered from Silchar station

नेशनल डेस्क : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध दो महत्वपूर्ण अभियानों को अंजाम देते हुए अपनी सजगता और तत्परता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। पहली कार्रवाई फरक्का एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15734) में की गई, जहां RPF को दानापुर सिक्योरिटी कंट्रोल से सूचना मिली थी कि ट्रेन में कुछ संदिग्ध यात्री तस्करी में शामिल हो सकते हैं। सूचना के आधार पर जब ट्रेन आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची, तो RPF और GRP की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कोच संख्या S-2 के शौचालय के पास खड़े तीन पुरुष और एक महिला को जांच के लिए रोका।

जांच में उनके पास मौजूद बैगों से कुल 27 जिंदा कछुए बरामद किए गए। कछुओं को बैग और झोलों में छिपाकर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। GRP आरा ने सभी कछुओं को जब्त कर, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 समेत भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

इसी प्रकार, दूसरी बड़ी कार्रवाई सिलचर रेलवे स्टेशन पर की गई, जहां RPF ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास पड़े तीन लावारिस बैग बरामद किए। जांच के दौरान हर बैग से लगभग 450 जिंदा मेंढक पाए गए, जिनकी कुल संख्या 1350 थी। RPF ने तत्काल बराक वैली वाइल्डलाइफ डिवीजन के DFO को सूचित कर सभी मेंढकों को उनके सुपुर्द कर दिया। इन दोनों अभियानों से यह स्पष्ट है कि रेलवे सुरक्षा बल न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

Exit mobile version