Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Amethi News: नागपंचमी मनाने मायके आई नवविवाहिता प्रेमी संग फरार, अपने साथ लाखों के जेवर भी ले गई

July 29, 2025

Amethi News: नागपंचमी मनाने मायके आई नवविवाहिता प्रेमी संग फरार, अपने साथ लाखों के जेवर भी ले गई

यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता नागपंचमी का पर्व मनाने अपने मायके आई थी, लेकिन वह अचानक गायब हो गई। बाद में पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। इस घटना से उसके पति और ससुराल वाले हैरान हैं। पीड़िता की मां सुलोचना ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी बेटी चांदनी की शादी 8 जून को प्रतापगढ़ जिले के कौशलपुर गांव निवासी शुभम पांडेय से हुई थी। शादी के अगले दिन यानी 9 जून को चांदनी की विदाई भी कर दी गई थी और वह अपने ससुराल चली गई थी।

पति के साथ मायके आई थी त्योहार मनाने

शादी के बाद चांदनी अपने ससुराल में ठीक से रह रही थी। लेकिन 25 जुलाई को नागपंचमी का पर्व मनाने वह अपने पति शुभम के साथ मायके, खाजा गांव (थाना पीपरपुर) आई थी। यहां कुछ दिन रहने के बाद अचानक वह घर से लापता हो गई।

प्रेमी के साथ भागने की आशंका, साथ ले गई गहने

परिजनों ने जब काफी तलाश की तो पता चला कि चांदनी सुल्तानपुर जिले के एक युवक अन्नू के साथ भाग गई है। आरोप है कि वह अपने साथ शादी में मिले लाखों रुपये के गहने भी ले गई है। चांदनी और अन्नू के बीच पहले से प्रेम संबंध था और अन्नू उसका दूर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है।

पुलिस को दी गई शिकायत

चांदनी की मां ने पीपरपुर थाने में दी गई शिकायत में अन्नू का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया है और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, चांदनी के पति और उसके परिवार वाले इस घटना से बहुत दुखी और हैरान हैं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि शादी के इतने जल्द बाद चांदनी इस तरह का कदम उठाएगी।

पुलिस कर रही जांच, युवती की तलाश जारी

इस पूरे मामले पर पीपरपुर थानाध्यक्ष राम राज कुशवाहा का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है और पुलिस युवती की तलाश में लगी हुई है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर कार्यवाही कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें