Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंशिका हत्याकांड: हत्यारोपी फौजी का बड़ा खुलासा; बताया- क्यों किया अपनी मंगेतर का कत्ल

September 29, 2025

अंशिका हत्याकांड: हत्यारोपी फौजी का बड़ा खुलासा; बताया- क्यों किया अपनी मंगेतर का कत्ल

Anshika Murder Case : ऊना जिले की उप तहसील जोल के गांव बैरियां मंजड की 24 वर्षीय अंशिका ठाकुर की हत्या के आरोपी उसके मंगेतर प्रवेश कुमार को लेकर पुलिस शनिवार को घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने भारतीय सेना के जवान प्रवेश कुमार की निशानदेही पर अंशिका का मोबाइल फोन झाड़ियों से बरामद किया। लेकिन आर्मी के जिस चाकू से उसने अंशिका को मारने का दावा किया था वह अभी तक नहीं मिला है। इससे पहले पुलिस ने वारदात में उपयोग की गई बाइक और एक टूटी हुई सिम आरोपी के घर से बरामद की थी।

बैरियां गांव की अंशिका ठाकुर का शव बीते मंगलवार को अधजली हालत में घर से 500 मीटर दूर मिला था। अंशिका की मां सुरेंद्रा देवी ने हत्या के आरोप अंशिका के मंगेतर प्रवेश और उसके चाचा संजीव पर लगाए थे। अगले दिन उनकी शादी थी, वैसे वे कोर्ट मैरिज कर चुके थे। रिमांड के दौरान प्रवेश ने हत्या की वजह अंशिका द्वारा गर्भपात न करवाना व शादी के लिए अत्याधिक दबाव डालना बताया है। इसके अलावा प्रवेश ने कहा कि उसका अंशिका से लगाव भी कम हो गया था और वह उससे पीछा छुड़वाना चाहता था। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रवेश की निशानदेही के बाद अंशिका का मोबाइल बरामद किया है।

मोबाइल से हत्या के बारे में सुराग मिल सकते हैं
अंशिका की हत्या के आरोपी प्रवेश कुमार और उसके चाचा संजीव कुमार को अदालत ने 30 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस जोल की टीम ने शनिवार को बैरियां में अंशिका की हत्या मामले में गिरफ्तार फौजी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटनास्थल से अंशिका का हत्या के दौरान उसका तोड़ा गया मोबाइल फोन बरामद किया, जिसमें सिम मौजूद थी। माना जा रहा है कि इस मोबाइल की सिम से हत्या से जुड़े राज छिपे हो सकते हैं। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और चैट भी खंगालेगी। इससे साफ होगा की वारदात से पहले आरोपी फौजी और मृतका के बीच कितनी बार बातचीत हुई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें