Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

बरेली : नशे में धुत पिता-पुत्र ने एक युवक को होटल की पहली मंजिल से नीचे फेंका

April 22, 2024

बरेली : नशे में धुत पिता-पुत्र ने एक युवक को होटल की पहली मंजिल से नीचे फेंका

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में नशे में धुत पिता और पुत्र ने एक युवक को पांच सितारा एक होटल की पहली मंजिल से कथित तौर पर नीचे फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इज्जतनगर थाना क्षेत्र में स्थित होटल रेडिसन में आरोपी कपडा व्यापारी और उसके बेटे ने व्यापारी सुरक्षा फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं केमिकल सप्लाई कारोबारी संजय अग्रवाल के बेटे सार्थक (27) को पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना में सार्थक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके मुंह व सीने पर गंभीर चोटें आईं हैं। सार्थक का एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है। इज्जतनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जयशंकर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रविवार को आरोपी रिदिम अरोड़ा व उसके पिता सतीश अरोड़ा के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट और धमकी की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। अधिकारी ने बताया कि पूरा घटनाक्रम होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें