Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंसानियत शर्मसारः 4 महीने तक सड़ता रहा बेटी का शव… परफ्यूम छिड़कता रहा पिता, कंकाल बनने पर भागा हरिद्वार

April 11, 2026

इंसानियत शर्मसारः 4 महीने तक सड़ता रहा बेटी का शव… परफ्यूम छिड़कता रहा पिता, कंकाल बनने पर भागा हरिद्वार

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर से एक बेहद चौंकाने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार नहीं किया, बल्कि उसकी लाश को करीब चार महीने तक घर में ही छिपाकर रखा।

बीमारी के बाद हुई बेटी की मौत
मामला सदर बाजार के तेली मोहल्ले का है। यहां रहने वाले उदय भानु विश्वास शिक्षा विभाग से रिटायर्ड हैं। उनकी 32 साल की अविवाहित बेटी प्रियंका उनके साथ रहती थी। बताया गया कि जुलाई 2025 से प्रियंका की तबीयत खराब रहने लगी थी और उसे पीलिया हो गया था। 2 अक्टूबर 2025 (दशहरे के दिन) उसे आखिरी बार रिश्तेदारों ने देखा था। इसके बाद वह घर से बाहर नहीं निकली। कुछ समय बाद अक्टूबर में ही प्रियंका की घर के अंदर मौत हो गई।

तीन महीने तक लाश पर छिड़कता रहा परफ्यूम
प्रियंका की मौत के बाद पिता ने न तो किसी को इसकी जानकारी दी और न ही अंतिम संस्कार किया। उन्होंने बेटी की लाश को घर में ही रखा और करीब तीन महीने तक उस पर परफ्यूम और रूम फ्रेशनर छिड़कते रहे, ताकि बदबू बाहर न जाए। इसी वजह से पड़ोसियों को कोई शक नहीं हुआ।

कंकाल बनने के बाद घर छोड़कर भाग गया
दिसंबर 2025 तक लाश पूरी तरह सड़कर कंकाल में बदल गई। इसके बाद उदय भानु घर को बंद करके हरिद्वार चला गया। वहां जाकर वह रिक्शा चलाने लगा और लोगों से कहता रहा कि वह अपनी बेटी का इलाज करा रहा है।

रिश्तेदारों को हुआ शक
जनवरी 2026 में परिवार के लोगों ने कई बार फोन करके पूछा कि वह कहां है। हर बार वह यही कहता रहा कि बेटी का इलाज देहरादून में चल रहा है। लेकिन धीरे-धीरे उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया, जिससे परिजनों को शक होने लगा।

चाय की दुकान पर पकड़ा गया आरोपी
शुक्रवार को मेरठ के बेगमबाग इलाके में एक चाय की दुकान पर कुछ रिश्तेदारों ने उदय भानु को देख लिया। उन्होंने उसे पकड़ लिया और बेटी के बारे में पूछा। पहले तो उसने वही पुरानी बात दोहराई कि इलाज चल रहा है, लेकिन परिजन उसे घर ले आए।

घर खुलते ही सामने आया खौफनाक सच
जब छह महीने से बंद घर का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। बेड पर प्रियंका का कंकाल पड़ा हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच में सामने आई ये बात
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मौत करीब छह महीने पहले हुई थी। पुलिस ने आरोपी पिता उदय भानु को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस मामले में तंत्र-मंत्र या किसी अंधविश्वास के एंगल से भी जांच की जा रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें