Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंसानियत शर्मसार: बाल काटे-कपड़े फाड़े, फिर जूतों की माला पहनाकर महिला को पूरे गांव में घुमाया

July 2, 2026

इंसानियत शर्मसार: बाल काटे-कपड़े फाड़े, फिर जूतों की माला पहनाकर महिला को पूरे गांव में घुमाया

मध्य प्रदेश: उज्जैन जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला के साथ सिर्फ इसलिए बर्बरता की गई क्योंकि वह अपने बच्चों के अधिकार और पैतृक संपत्ति में उनका हिस्सा मांगने अपने पूर्व ससुराल पहुंची थी। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर महिला के पूर्व पति, ससुराल पक्ष के लोगों और कुछ ग्रामीणों ने मिलकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया।

महिला के बाल काट दिए गए, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसके गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान महिला का दूसरा पति लोगों से हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर उनकी सहायता नहीं की। कई लोग घटना को रोकने के बजाय उसका वीडियो बनाते रहे।

तीन दिन पुरानी घटना, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

यह घटना उज्जैन जिले की झारड़ा तहसील के हरनिया खेड़ा गांव की बताई जा रही है। घटना करीब तीन दिन पहले हुई थी, लेकिन गुरुवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। वायरल वीडियो में महिला के सिर के बाल कटे हुए दिखाई दे रहे हैं। उसके गले में जूतों की माला है और उसके कपड़े फटे हुए हैं। महिला अपने दूसरे पति के साथ गांव में खड़ी नजर आती है। वीडियो में दोनों को गांव में घुमाया जा रहा है। महिला का पति लोगों से दया की अपील करता दिखाई देता है, लेकिन वहां मौजूद अधिकांश लोग केवल तमाशा देखते रहे और कुछ लोग वीडियो रिकॉर्ड करते रहे।

बच्चों के हक और पैतृक संपत्ति मांगने पहुंची थी महिला

पुलिस के अनुसार, महिला करीब तीन साल पहले अपने पहले पति का घर छोड़ चुकी थी। इसके बाद उसने दूसरे युवक से शादी कर ली और अपने दो बच्चों के साथ अलग रहने लगी। कुछ दिन पहले वह अपने बच्चों के अधिकार और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने के लिए अपने पूर्व ससुराल पहुंची थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसके पूर्व पति, ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर महिला और उसके दूसरे पति को पकड़ लिया। इसके बाद महिला के बाल काट दिए गए, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसके साथ अभद्रता की गई। इतना ही नहीं, महिला और उसके दूसरे पति के गले में जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में उनका जुलूस निकाला गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने बचाया

घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला। इसके बाद पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, कई गिरफ्तार

उज्जैन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रदीप शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पूर्व पति, ससुर सहित 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जो आरोपी अभी फरार हैं, उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

वीडियो बनाने और वायरल करने वाला भी गिरफ्तार

पुलिस ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है, ताकि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

पीड़िता को मिलेगी कानूनी सहायता

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस केवल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं कर रही है, बल्कि पीड़ित महिला को कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से महिला को उसके अधिकारों की जानकारी और कानूनी मदद दी जा रही है। साथ ही उसके बच्चों के पैतृक संपत्ति में अधिकार दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें