Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

India- Pak War : मुंबई में उड़ता दिखा ड्रोन, इलाके में दहशत का माहौल… पुलिस ने दर्ज किया मामला

May 12, 2025

India- Pak War : मुंबई में उड़ता दिखा ड्रोन, इलाके में दहशत का माहौल… पुलिस ने दर्ज किया मामला

नेशनल डेस्क : मुंबई के पवई इलाके के साकी विहार रोड पर एक ड्रोन उड़ते हुए देखा गया, जिससे वहां के लोग घबरा गए और पुलिस को सूचित किया। यह घटना तब सामने आई जब भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते सुरक्षा उपायों को कड़ा किया गया है, और ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी है। आइए जानते है इस पूरी खबर को विस्तार से…

ड्रोन को देख लोग हुए चकित

बता दें कि स्थानीय लोगों ने आसमान में उड़ते हुए ड्रोन को देखा और इसके बारे में पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। लोग इस ड्रोन को देखकर चिंतित हो गए क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर चल रहे तनाव के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और ड्रोन उड़ाने पर रोक थी। मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की।

आरोपी युवक की पहचान

वहीं जांच के बाद पुलिस ने पाया कि यह ड्रोन 23 साल के अंकित ठाकुर का था। अंकित, जो कि हैदराबाद का निवासी है, ने पुलिस को बताया कि यह ड्रोन एक साल पहले खरीदा था और वह इसे रिपेयर करवा कर टेस्टिंग के लिए उड़ा रहे थे। लेकिन ड्रोन अचानक बहुत ऊंचाई पर उड़ गया, जिसके कारण आसपास के लोगों को संदिग्ध लगा और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पवई पुलिस ने दर्ज किया केस

पवई पुलिस ने इस मामले की जांच की और अंकित ठाकुर के खिलाफ बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने का केस दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, मुंबई पुलिस ने 4 अप्रैल को एक महीने के लिए ड्रोन, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून और पैराग्लाइडिंग जैसी चीजों पर रोक लगा दी थी। इसी कारण बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाना गैरकानूनी है।

सुरक्षा कड़े उपाय

भारत-पाकिस्तान के बढ़ते तनाव के बीच मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा किया गया है। सुरक्षा कारणों से, ड्रोन उड़ाने और पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह से पाबंदी है। बिना परमिशन के ड्रोन उड़ाना गंभीर अपराध माना जाता है और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।

ड्रोन का लाइसेंस नहीं था

अंकित के पास जो ड्रोन था, उसका लाइसेंस भी नहीं था। सुरक्षा नियमों के अनुसार, ड्रोन उड़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों से परमिशन लेनी होती है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त सजा का प्रावधान है। इस घटना से यह भी साफ हुआ कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी नागरिकों को नियमों का पालन करना आवश्यक है और बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाना गंभीर अपराध हो सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें