Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

गाजियाबाद में मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

May 24, 2024

गाजियाबाद में मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

गाजियाबाद। गाजियाबाद में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें 50 हजार के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या के मामले में यह बदमाश फरार चल रहा था। इससे पहले 22 मई की रात बदमाशों से हुई मुठभेड़ में पुलिस ने इसके 25 हज़ार के इनामी साथी को गिरफ्तार किया था। तब यह बचकर फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक, स्वाट टीम ग्रामीण जोन और थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने विक्रम मावी हत्याकांड के 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 1 तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और चोरी की 1 मोटर साइकिल बरामद की है।

थाना लोनी बॉर्डर पुलिस को चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि 11 मई को हुई विक्रम मावी हत्याकांड का आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में है। सूचना पर थाना लोनी बॉर्डर पुलिस चौकी सेवाधाम से आगे टीला मोड़ की ओर सघन चैकिंग करने लगी। तभी एक मोटरसाइकिल पर आ रहे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद उसने पुलिस टीम को देखकर वापस मोटरसाइकिल मोड़ कर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसकी बाइक फिसल कर गिर गई। फिर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।

पुलिस की जवाबी करवाई में बदमाश घायल हो गया। बदमाश की पहचान टिंकू उर्फ हेमंत के रूप में हुई है। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने तथा उसके साथियों ने ही पवन भाटी के साथ मिलकर विक्रम मावी की हत्या की थी। इसी हत्या के मामले में अभियुक्त टिंकू उर्फ हेमंत की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

गौरतलब है कि 22 मई की रात इसी हत्याकांड से जुड़े एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। तब ये आरोपी टिंकू वहां से फरार हो गया था। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी अंकुर विहार ने बताया कि 24 मई को लोनी बॉर्डर पुलिस और स्वाट टीम दोनों ही चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार एक व्यक्ति को आते हुए देखा गया। संदिग्ध होने पर उसे रुकने का इशारा किया गया। लेकिन वह भागने लगा और उसकी बाइक स्लिप हो गई। इसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें