Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘लिव-इन पार्टनर’ का पहले दुपट्टे से घोंटा गला…फिर शव के कर दिए 40 से 50 टुकड़े

November 28, 2024

‘लिव-इन पार्टनर’ का पहले दुपट्टे से घोंटा गला…फिर शव के कर दिए 40 से 50 टुकड़े

Khunti Live in Partner Murder : झारखंड के खूंटी जिले में एक जंगल से सटे इलाके में कसाई का काम करने वाले 25 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव के कई टुकड़े कर दिए। पुलिस ने यह जानकारी दी हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नरेश भेंगरा के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला हत्या के लगभग एक पखवाड़े बाद 24 नवंबर को उस समय सामने आया जब जरियागढ़ थाना क्षेत्र के जोरदाग गांव के समीप एक आवारा कुत्ते को मानव अंग के साथ देखा गया।

भेंगरा पिछले कुछ साल से जिले की ही 24 वर्षीय महिला के साथ तमिलनाडु में ‘लिव-इन’ में रह रहा था। कुछ समय पहले वह झारखंड लौटा और अपनी साथी को बताए बिना उसने दूसरी महिला से शादी कर ली और अपनी पत्नी को साथ लिए बिना ही दक्षिणी राज्य वापस चला गया। खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने बुधवार को बताया, कि ‘यह क्रूर घटना आठ नवंबर को खूंटी में हुई। आरोपी ने दूसरी महिला से शादी कर ली थी और वह पीड़िता को अपने घर नहीं ले जाना चाहता था। आरोपी उसे जरियागढ़ थाने के जोरदाग गांव में अपने घर के पास एक जंगल में ले गया और उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

मामले की जांच कर रहे निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि व्यक्ति तमिलनाडु में एक कसाई की दुकान में काम करता था और ‘चिकन’ काटने में माहिर था। सिंह ने बताया, कि ‘उसने महिला के शरीर के अंगों को 40 से 50 टुकड़ों में काटने की बात स्वीकार की और फिर उन्हें जंगल में जंगली जानवरों के खाने के लिए छोड़ दिया। पुलिस ने 24 नवंबर को इलाके में एक कुत्ते को कटे हुए मानव हाथ के साथ देखने के बाद महिला के शव के कई अंग बरामद किए।

सिंह ने बताया कि महिला को उसकी शादी के बारे में पता नहीं था, इसलिए उसने उस पर खूंटी लौटने का दबाव बनाया। रांची पहुंचने के बाद वे 24 नवंबर को ट्रेन से उस व्यक्ति के गांव के लिए रवाना हो गए। अधिकारी ने कहा, कि ‘आरोपी उसे एक ऑटोरिक्शा में खूंटी स्थित अपने घर के पास ले गया और उसे इंतजार करने के लिए कहा। वह धारदार हथियार लेकर लौटा और उससे दुष्कर्म करने के बाद दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उसने शव को 40 से 50 टुकड़ों में काटा और खुद अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए घर चला गया।’’

शव के टुकड़ों की बरामदगी के बाद जंगल में मृत महिला के सामान वाला एक बैग भी मिला, जिसमें उसका आधार कार्ड भी शामिल था। महिला की मां को मौके पर बुलाया गया और उसने अपनी बेटी के सामान की पहचान की। इस घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं और 2022 में हुए श्रद्धा वाकर हत्याकांड की याद ताजा कर दी। ‘लिव-इन पार्टनर’ ने ही वॉकर की हत्या की थी और उसके शव के टुकड़े कर दक्षिण दिल्ली स्थित महरौली के जंगल में फेंक दिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें