Site icon Dainik Savera Times

Ranchi में शख्स ने बीच सड़क पर कुत्ते को राइफल से किया शूट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

man shot a dog with a rifle

man shot a dog with a rifle

रांची डेस्क : रांची शहर के टाटीसिलवे इलाके में एक शख्स ने बीच सड़क पर एक कुत्ते को राइफल से गोली मार दी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। शख्स का नाम प्रदीप पांडेय है। उसका कहना है कि कुत्ता पागल हो गया था और कई लोगों पर हमले कर रहा था, इसलिए उसने गोली चलाई।

इस घटना का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें एक व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ राइफल लेकर जाता दिख रहा है। अचानक वह सड़क के किनारे दो-तीन कुत्ताें को देखकर पोजिशन लेता है और राइफल से गोली चला देता है। फायरिंग के वक्त सड़क पर कई गाड़ियां गुजर रही थीं। लोगों का कहना है कि सड़क पर अचानक इस तरह से फायरिंग की गई कि निशाना चूकने पर गोली किसी व्यक्ति को भी लग सकती थी।

जांच करने का आदेश

इसका वीडियो रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए कुछ लोगों ने कार्रवाई की मांग की। इसके बाद रांची के ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने टाटीसिलवे थाने की पुलिस को इसकी जानकारी देते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने भी इस घटना पर संज्ञान लेते हुए इसकी समुचित जांच करने का आदेश दिया है।

टाटीसिलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका कहना है कि राइफल लाइसेंसी है। हाल के दिनों में कुत्ता कई लोगों को जख्मी कर चुका था। कुत्ते के हमले से लोगों को बचाने के लिए उसने गोली चलाई। पुलिस के अनुसार, कानूनन स्ट्रीट डॉग की हत्या नहीं की जा सकती और बेवजह नुकसान भी नहीं पहुंचाया जा सकता है। ऐसा अपराध साबित होने पर दो साल तक जेल और जुर्माने की सजा हो सकती है।

Exit mobile version