Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pahalgam Terror Attack : भारत पानी रोकेगा तो पाकिस्तान हमला कर देगा… PAK रक्षा मंत्री ने दी गीदड़भभकी

May 3, 2025

Pahalgam Terror Attack : भारत पानी रोकेगा तो पाकिस्तान हमला कर देगा… PAK रक्षा मंत्री ने दी गीदड़भभकी

नेशनल डेस्क : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। इस हमले में 27 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद भारत में जनता पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है। वहीं, पाकिस्तान के नेताओं द्वारा दिए जा रहे धमकी भरे बयानों ने इस तनाव को और बढ़ा दिया है। बता दें कि पाकिस्तान ने लगातार 9 वें दिन LOC पर सीजफायर किया है। इसके साथ ही पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर से भारत को गीदड़भभकी दिया है। आइए जानते है इस पूरी खबर को विस्तार से…

ख्वाजा आसिफ का धमकी भरा बयान

आपको बता दें कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शुक्रवार को एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि अगर भारत सिंधु नदी पर कोई बांध बनाकर पाकिस्तान का पानी रोकने की कोशिश करता है, तो इसे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और पाकिस्तान भारत पर हमला कर देगा। उनका दावा है कि ऐसा कदम सिंधु जल समझौते का उल्लंघन होगा। भारत सरकार ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल समझौते की समीक्षा करने और इसे रद्द करने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद पाकिस्तान में घबराहट और खलबली मच गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भारत की इस संभावित कार्रवाई को लेकर सख्त प्रतिक्रिया दी है और भारत को चेतावनी दी है कि यदि सिंधु नदी के पानी पर कोई बदलाव किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

पाकिस्तान की आक्रामक प्रतिक्रिया और डर

दरअसल, ख्वाजा आसिफ ने इस बयान में यह भी कहा कि भारत ने अब तक कोई ठोस सबूत नहीं पेश किया है, जिससे यह साबित हो सके कि पहलगाम हमले में पाकिस्तान का हाथ था। पाकिस्तान का आरोप है कि भारत बिना किसी ठोस प्रमाण के पाकिस्तान पर आरोप लगा रहा है, जो कि गलत है।

विश्लेषकों का मानना है कि पाकिस्तान की यह आक्रामक बयानबाजी दरअसल भारत की संभावित कार्रवाई को लेकर उनके डर को छिपाने की कोशिश है। पाकिस्तान की सेना और सरकार को डर है कि भारत किसी भी समय बड़ा कदम उठा सकता है, जिससे उन्हें और उनके देश को नुकसान हो सकता है। ऐसे में पाकिस्तान के नेता सार्वजनिक मंचों पर धमकी और चेतावनियों के माध्यम से अपनी आंतरिक चिंता और डर को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।

भारत की तरफ से संभावित कदम

भारत की सरकार ने पहलगाम हमले के बाद कई बार पाकिस्तान को चेतावनी दी है और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा, भारत ने यह भी संकेत दिया है कि वह सिंधु जल समझौते की समीक्षा कर सकता है, जो पाकिस्तान के लिए एक बड़ा मुद्दा है। पाकिस्तान को डर है कि यदि भारत ने इस समझौते को खत्म किया तो इससे पाकिस्तान को पानी की आपूर्ति में भारी कमी हो सकती है, जो पाकिस्तान के लिए एक गंभीर संकट पैदा कर सकता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव अब एक नई दिशा में जा रहा है, जिसमें न केवल आतंकवाद और सीमा विवाद बल्कि सिंधु जल समझौता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी शामिल हो गए हैं। भारत द्वारा पाकिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप और पाकिस्तान की आक्रामक प्रतिक्रिया दोनों ही देशों के बीच शांति की संभावना को और कम करते जा रहे हैं। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के रिश्ते किस दिशा में जाते हैं और क्या कोई बड़ा कदम उठाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें