Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Murshidabad Violence : आतंक का मंजर, आंखों में दहशत, साहिबगंज पहुंचे पीड़ित परिवार

April 19, 2025

Murshidabad Violence : आतंक का मंजर, आंखों में दहशत, साहिबगंज पहुंचे पीड़ित परिवार

Murshidabad Violence : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन कानून के विरोध में भड़की हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण हैं। इस हिंसा से डरकर दर्जनों परिवारों का पलायन जारी है। इसी क्रम में मुर्शिदाबाद के रानीपुर से 12 लोग, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं, अपनी जान बचाकर झारखंड के साहिबगंज जिले के मिजर्चौकी थाना क्षेत्र स्थित नया टोला गांव पहुंचे हैं।

इन लोगों ने अपने रिश्तेदारों के घरों में शरण ली है। पीड़ितों ने घटनास्थल की भयावह तस्वीर बयान करते हुए बताया कि उपद्रवियों ने घरों और दुकानों को लूटने के बाद आग के हवाले कर दिया। महिलाओं ने रोते हुए बताया कि उनके घरों में बंधे मवेशी तक लूट लिए गए और उनके साथ मारपीट की गई। एक महिला ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर पाकुड़ पहुंची और वहां से ट्रेन पकड़कर मिजर्चौकी।

बच्चों को छत से नीचे फेंका

धुलियान निवासी प्रीति दास ने बताया कि लोगों ने जानलेवा हमला किया, लोगों को मारा, दुकानों में लूटपाट और आगजनी की। उन्होंने बताया कि दीदी की दुकान जला दी गई और उनके घर में भी आग लगा दी गई। प्रीति ने आरोप लगाया कि दंगाइयों का स्पष्ट निशाना हिंदू समुदाय के लोग थे। उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों को छत से नीचे फेंका जा रहा था, महिलाओं पर हमला किया जा रहा था।’’

पीड़िता अमृता राय ने बताया कि दंगाइयों ने उनका घर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा मजबूत होने के कारण वे भीतर नहीं घुस सके और उनकी बहू-बेटी की जान बच गई। उन्होंने आगे बताया कि जब पुलिस से मदद मांगी तो जवाब मिला, ‘‘अगर हथियार है तो मुकाबला करो, वरना जान बचाकर भाग जाओ।’’ इन परिवारों का कहना है कि जब तक हालात सामान्य नहीं होते, वे अपने घर नहीं लौटेंगे। उनका डर और दर्द साफ झलकता है। फिलहाल, वे रिश्तेदारों के घरों में जैसे-तैसे शरण लिए हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें