नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सख्त रुख अपनाया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से मांग की है कि आतंकियों के खिलाफ ऐसा कदम उठाया जाए कि उनकी आने वाली दस पीढ़ियां भी खौफ में जिएं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
राज ठाकरे ने दी श्रद्धांजलि, कहा – सरकार के साथ खड़े हैं
वहीं इस हादसे पर मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करती है। इस घटना में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उन्हें मनसे की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि।” उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और इस संकट की घड़ी में मनसे पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ी है।
“इजरायल जैसी रणनीति अपनाए भारत”
राज ठाकरे ने 1972 म्यूनिख ओलंपिक का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह इजरायल ने अपने नागरिकों पर हमले के बाद आतंकियों और उनके मास्टरमाइंड्स का सफाया किया था, भारत को भी अब वैसी ही रणनीति अपनानी चाहिए। “भारत और इजरायल के संबंध मजबूत हैं। उम्मीद करता हूं कि केंद्र सरकार इजरायल की राह पर चलते हुए इन आतंकवादियों और उनके समर्थकों का नामोनिशान मिटा दे।”
जम्मू काश्मीरमधील पहलगाम येथे झालेल्या दहशतवादी हल्ल्याचा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना तीव्र निषेध व्यक्त करत आहे. या घटनेत जे लोक मृत्यूमुखी पडले, त्यांना महाराष्ट्र नवनिर्माण सेनेची भावपूर्ण श्रद्धांजली…
ही घटना अतिशय गंभीर आहे आणि या प्रसंगात सरकारच्या पाठीशी महाराष्ट्र…— Raj Thackeray (@RajThackeray) April 23, 2025
“हम हिंदू एकजुट हैं, हमला बर्दाश्त नहीं”
राज ठाकरे ने प्रत्यक्षदर्शी महिला के उस बयान का जिक्र भी किया जिसमें बताया गया कि हमलावरों ने धर्म पूछकर गोली चलाई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा “अगर हमारे हिंदुओं पर कोई हमला करेगा, तो हम सभी हिंदू एकजुट होकर उसका जवाब देंगे।”
“कश्मीर में निवेश का माहौल खतरे में”
राज ठाकरे ने यह भी कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद हालात कुछ हद तक सामान्य हुए थे और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी थी, लेकिन इस तरह के हमले भविष्य में निवेश और विकास को रोक सकते हैं।
“सरकार को सख्त कदम उठाने होंगे”
राज ठाकरे ने केंद्र सरकार से मांग की कि अब ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो आतंकियों को हमेशा के लिए खामोश कर दे। “मुझे पूरा विश्वास है कि केंद्र सरकार कठोर कदम उठाएगी और इस देश के सभी राजनीतिक दल सरकार के साथ खड़े होंगे। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना तो सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”