क्राइम डेस्क। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मौदहा-बसवारी मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया जब रमना गांव के पास 30 वर्षीय महिला का नग्न शव मिला। राहगीरों ने सड़क किनारे कुछ हलचल देखी तो पास पहुंचे, जहां उन्होंने कुत्तों को शव को नोंचते हुए देखा। यह दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचने पर पाया कि शव से थोड़ी दूरी पर सड़क पर दो जगह भारी मात्रा में खून फैला हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव यहां फेंका गया हो, या फिर यहीं पर वारदात हुई हो। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना कहां और कैसे हुई।
रेप के बाद हत्या की संभावना
घटनास्थल की हालत देखकर पुलिस को शक है कि महिला के साथ रेप कर उसकी हत्या की गई होगी। नग्नावस्था में शव का मिलना और आसपास खून के निशान होना इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह का पता चल सकेगा।
शिनाख्त की कोशिश जारी
पुलिस को मृतका की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज या सामान मौके से नहीं मिला है। इस वजह से पुलिस ने आसपास के गांवों में महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश शुरू कर दी है।
साथ ही महिला थानों और गुमशुदगी दर्ज रजिस्टरों में भी जानकारी खंगाली जा रही है।
दो हफ्ते पहले भी मिला था महिला का शव
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को रीवन-करहिया मार्ग पर भी एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिला था। उस मामले की पहचान और जांच में पुलिस को दो हफ्ते का समय लग गया था।
अब फिर से महिला का शव मिलने से इलाके में भय और सनसनी का माहौल है।
लोगों में आक्रोश
लगातार महिलाओं से जुड़े अपराधों में बढ़ोतरी से लोग डरे और आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़े और ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है, और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
ये भी पढ़ेंः Delhi Blast: राजधानी ही नहीं पूरे देश को दहलाने का था प्लान, जांच में हुआ बड़ा खुलासा