Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बलिया में प्रेमिका के सामने युवक ने गोली मारकर आत्महत्या की

September 29, 2023

बलिया में प्रेमिका के सामने युवक ने गोली मारकर आत्महत्या की

बलियाः बलिया जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका के सामने खुद को अवैध तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शहर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्रधिकारी (सीओ) वैभव पाण्डेय ने बताया कि बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ गोपालपुर गांव में बृहस्पतिवार को रात्रि लगभग साढ़े नौ बजे सोनू (30) ने अपनी प्रेमिका के सामने खुद को अवैध तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ गांव का निवासी सोनू शादीशुदा था और पत्नी के साथ उसके संबंध ठीक नहीं थे।

सीओ ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात्रि सोनू अपनी कार से प्रेमिका के साथ जमुआ गोपालपुर गांव गया हुआ था। इसी दौरान वीडियो कॉंलिंग पर पत्नी से उसकी बातचीत हुई तथा इसके बाद ही उसने आवेश में आकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद सोनू की प्रेमिका की हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। सीओ ने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें