Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पिछले वर्ष वायरल हुआ था आपत्तिजनक वीडियो

November 26, 2024

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पिछले वर्ष वायरल हुआ था आपत्तिजनक वीडियो

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मेडिकल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। एक वर्ष पूर्व इस युवक पर कुछ युवकों ने पेशाब कर आपत्तिजनक वीडियो बनाया था।
सदर क्षेत्र की पुलिस क्षेत्रधिकारी नवीना शुक्ला ने युवक की मौत की पुष्टि की और बताया कि इस घटना का एक साल पहले हुई घटना से कोई संबंध नहीं है।
अधिकारी ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि गंगानगर के रहने वाले रितिक (23) को सोमवार को उसका दोस्त युवराज अपने साथ गढ़ रोड स्थित एक होटल में ले गया था, जहां उनके दो अन्य दोस्त भी आये।
उन्होंने बताया कि संभवत? इन सभी ने होटल के कमरे में बैठकर शराब पी, जिसके बाद रात करीब डेढ़ बजे रितिक की तबीयत बिगड़ गई।

मिली सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है
अधिकारी ने बताया कि उसके दोस्त रीतिक को लेकर अजय अस्पताल, फिर वहां से मेडिकल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नवीना शुक्ला के अनुसार, रितिक की मौत का कारण जानने के लिए उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह मालूम हो सकेगी फिलहाल पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिनको खंगाला जा रहा है।

अभी तक मृतक के परिजनों ने कोई शिकायत दर्ज नहीं – धर्मेन्द्र कुमार
भावनपुर थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक मृतक के परिजनों ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
उन्होंने बताया कि मृतक के पिता द्वारा इस बात से भी इनकार किया गया कि उनके बेटे के साथ एक साल पहले हुई घटना का ताजा घटना से किसी तरह का कोई संबंध नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक (रितिक) नशे की हालत में है।

मेडिकल थाने में कराई थी प्राथमिकी दर्ज
पिछले साल 13 नवंबर को मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार इलाके में कुछ लोगों ने कथित तौर पर रितिक की पिटाई की थी और उस पर कथित रूप से पेशाब किया था।
बदमाशों ने इस कृत्य का वीडियो भी बनाया था।
इस संबंध में पीड़ित के पिता ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मेडिकल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने घटना के सिलसिले में मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें