Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव में सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार भी जुड़ा

September 15, 2024

अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव में सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार भी जुड़ा

नयी दिल्ली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भारत के अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में अब भारतीय युवा फिल्म निर्माताओं/ निर्देशकों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने के लिये ‘सर्वश्रेष्ठ नवोदित भारतीय फिल्म खंड 2024’ के नाम से एक नया खंड स्थापित किया है। यह जानकारी मंत्रालय की आज यहां जारी एक विज्ञप्ति में दी गयी।

भारत का 55वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2024 गोवा में 20 से 28 नवंबर 2024 तक आयोजित किया जायेगा। इस समारोह के साथ ‘सर्वश्रेष्ठ नवोदित भारतीय फिल्म खंड 2024’ शुरू किया जा रहा है और इसमें ‘भारतीय फीचर फिल्म के सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक’ का पांच लाख रुपये का पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जायेगा।

इस खंड के लिये प्रविष्टियां अब 23 सितंबर तक फिल्मोत्सव के पोर्टल पर ऑनलाइन जमा करायी जा सकती हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है, “ आईएफएफआई इस खंड के माध्यम से भारतीय नवोदित फिल्मों पर भी ध्यान केंद्रित करेगा जो देश भर से विविध प्रकार की कथा और चलचित्र संबंधी शैलियों को प्रदर्शित करेगा। इसका उद्देश्य नये निर्देशकों के काम को प्रदर्शित करते हुये युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है। ”

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन नवागंतुकों पर ध्यान केंद्रित करके, यह प्रभाग सिनेमा कहानीकारों की अगली पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के लिये आईएफएफआई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें