Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, IPL मैच देखकर लौट रहे थे घर

April 28, 2026

चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, IPL मैच देखकर लौट रहे थे घर

Delhi news: नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात में ‘हिट-एंड-रन’ का एक मामला सामने आया, जिसमें 20 साल के युवक और 14 साल के किशोर की मौत हो गई। देर रात एक पीसीआर कॉल से अधिकारियों को इस हादसे की जानकारी हुई। हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों आईपीएल मैच देखकर लौट रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना अशोक रोड पर महादेव रोड टी-पॉइंट पर पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने हुई। यहां एक मोटरसाइकिल की टक्कर एक माल ढोने वाले वाहन से हो गई। टक्कर किन हालात में हुई, इसकी जांच अभी चल रही है।

दुर्घटनास्थल की फोरेंसिक जांच
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दो लड़के सड़क पर पड़े थे। दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस की एक डिस्ट्रिक्ट क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। सबूत इकट्ठा करने और घटनाक्रम को समझने के लिए दुर्घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की गई। बाद में शवों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें- ‘यंग दोस्तों के साथ खेलने जैसा कुछ नहीं…’, सिक्किम दौरे पर PM Modi ने खेला फुटबॉल

 

मरने वालों की हुई पहचान
पुलिस ने मरने वालों की पहचान दिल्ली के अशोक नगर निवासी बीएससी छात्र यज्ञ भाटिया (20) और अभव भाटिया (14) के रूप में की है। दोनों चचेरे भाई थे। दोनों आईपीएल मैच देखकर घर लौट रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे अभव ने पिता से बात की थी और उनसे बोला था कि वह आधे घंटे में घर पहुंच जाएगा। ठीक उसी समय जब वह अपने पिता से बात कर रहा था, यह हादसा हो गया।

खंगाली जा रही CCTV फुटेज
हादसे वाली जगह के पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह मामला ‘हिट-एंड-रन’ का हो सकता है। हादसे के समय मौके पर मौजूद एक चश्मदीद के बयान के आधार पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें- IPL 2026: पॉइंट्स टेबल में उठा पटक जारी, अभिषेक के पास ऑरेंज तो इस गेंदबाज के सिर सजी पर्पल कैप

टक्कर में शामिल वाहन की हुई पहचान
अधिकारियों ने बताया कि टक्कर में शामिल वाहन की पहचान कर ली गई है। अब उस वाहन के ड्राइवर का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिशें की जा रही हैं। इस मामले की जांच अभी जारी है और अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें