Delhi weather: बदलते मौसम का असर अब दिल्ली समेत पूरे NCR में साफ दिखाई देने लगा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार गिरते तापमान के चलते ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम में बदलाव के साथ ही रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में सुबह और रात के समय ठंड का असर और अधिक महसूस होगा।
अगले छह दिनों तक पड़ेगा कोहरा
मौसम विभाग की ओर से जारी 24 से 29 नवंबर तक के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान में लगातार हल्के कोहरे की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खास बात यह है कि अगले छह दिनों के पूर्वानुमान में हर दिन कोहरे की स्थिति दर्शाई गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 26 नवंबर को भी तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
27 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ इसके 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहेगा। 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 29 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह
लगातार बढ़ती ठंड और सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी। खासकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख मार्गों पर सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने और सुरक्षित दूरी बनाकर चलने की सलाह दी जाती है।
तेज हवाओं से वायु गुणवत्ता में सुधार
दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के चलने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में फिलहाल सुधार देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों प्रदूषण के बढ़ते स्तर से परेशान लोगों को हवाओं की गति बढ़ने से कुछ राहत मिली है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य बना रह सकता है, लेकिन रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने से ठंड का एहसास बढ़ेगा।