नई दिल्ली: दिव्यांगता को सहानुभूति नहीं बल्कि समान अवसर और सम्मान की आवश्यकता है—इसी विचार को केंद्र में रखकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD), भारत सरकार द्वारा कर्तव्य पथ, इंडिया गेट पर आयोजित 9 दिवसीय ‘दिव्य कला मेला’ का आज सफल और प्रेरक समापन हुआ। 13 से 21 दिसम्बर 2025 तक चले इस आयोजन ने यह सशक्त संदेश दिया कि दिव्यांगजन केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि देश की आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के सक्रिय भागीदार हैं।

दिसम्बर 2022 में इसी कर्तव्य पथ से शुरू हुई ‘दिव्य कला मेला’ की यात्रा अपने 28वें पड़ाव पर दिल्ली लौटते हुए एक परिपक्व और प्रभावशाली राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप ले चुकी है। अब तक देशभर में आयोजित 28 मेलों के माध्यम से 2362 से अधिक दिव्यांग शिल्पियों और उद्यमियों ने भाग लिया है और कुल 23 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय दर्ज किया गया है। दिल्ली में आयोजित इस 9 दिवसीय मेले में देश के 20 राज्यों से आए लगभग 100 दिव्यांग प्रतिभागियों ने अपने उत्पादों और कौशल से आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। होम डेकोर, ऑर्गेनिक फूड और हस्तशिल्प उत्पादों की भारी मांग के चलते लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई, जो दिव्यांग उद्यमिता में बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
ये भी पढ़ें: चीन ने कश्मीर की ‘शक्सगाम घाटी’ पर ठोका दावा, कहा- ‘ ये हमारा इलाका…’
मेले के दौरान 16 दिसम्बर को आयोजित विशेष रोजगार मेले ने समावेशन को नई दिशा दी, जिसमें 157 दिव्यांग युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 99 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया और कुछ को प्रतिष्ठित कंपनियों से मौके पर ही नियुक्ति प्रस्ताव प्राप्त हुए। आर्थिक सशक्तिकरण की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय दिव्यांग वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) द्वारा दिव्यांग उद्यमियों को 1 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए, जबकि एएलआईएमसीओ (ALIMCO) द्वारा सहायक उपकरणों का वितरण और पंजीकरण कर दिव्यांगजनों की कार्यक्षमता को मजबूत किया गया।
समापन अवसर पर आयोजित ‘दिव्य कला शक्ति’ कार्यक्रम ने आयोजन को भावनात्मक ऊँचाई प्रदान की। दिल्ली-एनसीआर से आए दिव्यांग कलाकारों ने नृत्य और संगीत की सशक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से यह सिद्ध किया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। इसके साथ ही मेले में स्थापित ‘एक्सपीरियंस ज़ोन’ तथा ब्लाइंड क्रिकेट और बोक्सिया जैसे दिव्यांग खेलों ने आगंतुकों को दिव्यांगजनों की चुनौतियों के साथ-साथ उनकी क्षमताओं और आत्मविश्वास को नज़दीक से समझने का अवसर दिया।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और एनडीएफडीसी ने दिल्ली के नागरिकों, स्थानीय प्रशासन और कर्तव्य पथ के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे आयोजनों के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए एक समावेशी, सम्मानजनक और अवसर-समान समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।