Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकी मॉडल को खत्म करेंगे: प्रियंका चतुर्वेदी

May 24, 2025

पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकी मॉडल को खत्म करेंगे: प्रियंका चतुर्वेदी

नई दिल्ली। आतंकवाद को संरक्षण देने पर पाकिस्तान को शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अगर भारत में आतंकवाद फैलाने की कोशिश करेगा तो हम पाकिस्तान के घरों में घुसकर उसके आतंकी मॉडल को खत्म करेंगे। अपनी सेना पर हमें गर्व है जिन्होंने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में विदेश जाने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में प्रियंका चतुर्वेदी भी शामिल हैं। शनिवार को समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान सांसद पाकिस्तान पर हमलावर रहीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान ने लगातार भारत में अपने आतंकिस्तान मॉडल को आगे बढ़ाया है और उस ढांचे के तहत आतंकी हमलों को अंजाम दिया है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका ये कृत्य केवल भारत तक ही सीमित नहीं है; यहां तक कि दुनिया भर में होने वाले आतंकी हमलों की जड़ें अक्सर पाकिस्तान से जुड़ी पाई जाती हैं, चाहे वह ओसामा बिन लादेन हो या हाफिज सईद।

हमें दुनिया के सामने जाकर यह स्पष्ट करने की जरूरत है। भले ही हम विपक्ष में हैं, लेकिन आतंकवाद के प्रति हम एकजुट हैं और आतंक तो हमें कतई बर्दाश्त नहीं है। पाकिस्तान की आतंकी सोच की वजह से भारत को ऐसे पड़ोसी होने के दुष्परिणाम भुगतने पड़े हैं। अब समय आ गया है कि हम ग्लोबल अलायंस बनाएं और इसके जरिए आतंकवाद के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति को रेखांकित करे। जो भी देश आतंकी को पालता है उस देश को विश्व स्तर पर बेनकाब करने की जरूरत है। हम लोग इसी संदेश को लेकर विदेश जा रहे हैं। बीते 3 से 4 दशकों से हम पाकिस्तान पोषित आतंक को झेल रहे हैं। अब जागरूक होने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान बार-बार परमाणु की धमकी देता है और इसकी आड़ में आतंक फैला रहा है, पूरी दुनिया में उसका यह चेहरा भी बेनकाब होना चाहिए।
नीति आयोग की बैठक पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अध्यक्षता में इस बैठक में उम्मीद है कि देश के सामने जो चुनौतियां हैं उस पर विचार किया जाएगा।

 

ये भी पढ़ें: Vaishakh Masik Shivratri: कब रखा जाएगा मासिक शिवरात्रि का व्रत? जानें महत्व और पूजा का शुभ समय

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें