Dainik Savera Times

IITF में रेलवे के बदलते स्वरूप की झलक, बुलेट ट्रेन से हाइड्रोजन इंजन तक के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

railways IITF models

नई दिल्ली, (आकाश द्विवेदी): देश की रेल व्यवस्था में तेजी से हो रहे बदलाव, आधुनिक तकनीक और भविष्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की झलक इन दिनों अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में देखने को मिल रही है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-5 में भारतीय रेलवे की ओर से लगाए गए विशेष पवेलियन में पहुंचने वाले दर्शकों को न केवल देश की रेल यात्रा के बदलते स्वरूप की जानकारी मिल रही है, बल्कि वे आने वाले समय की आधुनिक रेल सेवाओं से भी रूबरू हो रहे हैं।

रेलवे पवेलियन में वंदे भारत एक्सप्रेस, नमो भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस, बुलेट ट्रेन और हाइड्रोजन ट्रेन के आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के जरिए रेलवे ने अपनी मौजूदा उपलब्धियों के साथ भविष्य की योजनाओं को भी दर्शाने का प्रयास किया है। खास तौर पर बुलेट ट्रेन और हाइड्रोजन इंजन के मॉडल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इसके अलावा चिनाब रेल पुल और देशभर में विकसित किए जा रहे आधुनिक रेलवे स्टेशनों के मॉडल भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।

पवेलियन में रेलवे की उपलब्धियों को केवल मॉडल तक सीमित नहीं रखा गया है। यहां डिजिटल माध्यमों से भी लोगों को रेलवे की तकनीकी प्रगति और नई परियोजनाओं की जानकारी दी जा रही है। बच्चों और युवाओं के लिए वर्चुअल रियलिटी (वीआर) का विशेष अनुभव आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके माध्यम से दर्शक कालका-शिमला रेल मार्ग की मनोरम वादियों के बीच रेल सफर का आभासी अनुभव कर सकते हैं।

वहीं, डिजिटल स्क्रीन पर रेलवे से जुड़े सवालों के जवाब देकर आगंतुक अपनी जानकारी भी परख सकते हैं। कुल मिलाकर रेलवे पवेलियन में आधुनिक तकनीक, मनोरंजन और जानकारी का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यह प्रदर्शनी बता रही है कि भारतीय रेलवे परंपरागत रेल नेटवर्क से आगे बढ़कर तेज, आधुनिक और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था की दिशा में किस तरह कदम बढ़ा रहा है।

 

Exit mobile version