Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

केजरीवाल ने मतदाता सूची में गड़बड़ी मामले में चुनाव आयोग से की शिकायत

January 12, 2025

केजरीवाल ने मतदाता सूची में गड़बड़ी मामले में चुनाव आयोग से की शिकायत

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर की जा रही गड़बड़ी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त को चिट्ठी लिखी है।

शनिवार को लिखी चिट्ठी में केजरीवाल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री और सांसद अपने घर के पते पर फर्जी वोट बनवा रहे हैं। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने फर्जी वोट बनाने का यह नया तरीका निकाला है। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के पते पर 33 नए वोट बनने की एप्लिकेशन दी गई है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि फर्जी वोट बनवाने वालों पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। साथ ही, अगर यह भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा की मर्जी से हुआ है तो तुरंत उनको चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाए।

केजरीवाल ने आज मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखी चिट्ठी में कहा है कि,“मैं आपको बड़ी चिंता के साथ लिख रहा हूं कि भारतीय जनता पार्टी के सदस्य दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के वोटर लिस्ट में जानबूझकर छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि आगामी चुनावों की निष्पक्षता को प्रभावित किया जा सके। दिल्ली में जो कुछ हो रहा है, वह उन दिनों की याद दिलाता है, जब भारत में खुलेआम बूथ कैप्चरिंग होती थी और यह बहुत चिंताजनक है। अगर भाजपा को 5500 सही वोटों को फर्जी तरीके से काटने और 13,000 फर्जी वोटों को जोड़ने की कोशिश में सफलता मिल जाती, तो दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की वोटिंग में लगभग 18 फीसद वोट का बदलाव हो जाता है। यह एक बहुत ही गंभीर और चौंकाने वाली घटना है।”

उन्होंने कहा है कि आप ने जब भाजपा के वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ के प्रयासों का खुलासा किया, तो अब भाजपा ने एक नया तरीका अपनाया है। वह पूरे देश से वोटों को दिल्ली विधानसभा में स्थानांतरित कर रही है और इसके लिए भाजपा के सांसदों और मंत्रियों के निवास का पता इस्तेमाल किया जा रहा है, जो नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में रहते हैं। हैरानी की बात यह है कि भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के सरकारी निवास पर 33 नए वोट बनाने के लिए भेजे गए हैं। क्या हम यह मानें कि रातों-रात पूरे भारत से 33 लोग अपनी राह बदलकर प्रवेश वर्मा के घर पर बस गए हैं? क्या यह काम भाजपा के उम्मीदवार के कहने पर हो रहा है? अगर ऐसा है, तो उन्हें भ्रष्टाचार में शामिल होने के कारण चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें: गूगल सीईओ सुंदर पिचाई ने टिम कुक की सराहना की, नई जिम्मेदारी पर दी शुभकामनाएं

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें