नई दिल्लीः दिल्ली में एक नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क की बताई जा रही है। आरोप है कि तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर नाबालिग और उसकी दोस्त को धमकाया और फिर वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपनी एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने आई थी। शाम करीब 7 बजे दोनों ने मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क के अंदर चली गईं।
तीन युवक पार्क में पहुंचे
पीड़िता के अनुसार, शाम करीब साढ़े 7 बजे तीन युवक पार्क में आए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों लड़कियों को डराने-धमकाने लगे। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर स्थिति पर अपना नियंत्रण बना लिया। इसके बाद आरोपियों में से एक युवक ने नाबालिग की दोस्त को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान तीनों युवकों ने नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
रात में पुलिस को मिली PCR कॉल
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस को बीती रात करीब पौने 9 बजे PCR कॉल मिली। कॉल में कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास कथित सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पीड़िता का मेडिकल कराया गया
पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार जांच कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आस्था कुंज पार्क और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों आरोपी वारदात से पहले और बाद में किस रास्ते से आए और कहां गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस कार्रवाई में इस मामले के एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
दिल्ली में हाल की एक अन्य घटना के बाद फिर सामने आया मामला
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले महीने दिल्ली में चलती बस में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। उस घटना के करीब एक महीने बाद कालकाजी मंदिर के पास सामने आए इस मामले ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...