Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

धूल भरी आंधी के बाद दिल्ली में प्रदूषण चरम पर, आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर साधा निशाना

May 15, 2025

धूल भरी आंधी के बाद दिल्ली में प्रदूषण चरम पर, आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर साधा निशाना

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है और हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि एयर क्वालिटी इंडेक्स 500 के पार पहुंच गया है। इसी को लेकर आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी की चार इंजन वाली सरकार के चारों इंजन दिल्ली में धुआं छोड़ रहे हैं। यहां एक्यूआई 500 है, मतलब जहर! न धूप दिखती है, न सांस ली जाती है। आंखों में जलन और गले में खराश हो रही है।’’

सिसोदिया ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि न तो केंद्र सरकार और न ही दिल्ली के उपराज्यपाल के पास कोई योजना है, न जवाबदेही और न ही कोई इमरजेंसी प्लान। उन्होंने कहा, ‘‘केवल भाषण और जुमले दिए जा रहे हैं, जबकि दिल्ली वालों को अब भाषण नहीं, सांस चाहिए। जुमले नहीं, जिंदगी चाहिए।’’

‘आप‘ की विधायक आतिशी ने भी सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘‘दिल्ली का एक्यूआई मई महीने में पहले कभी इतना नहीं बढ़ा। सीपीसीबी (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के आंकड़ों के अनुसार, 2022 से 2024 तक 15 मई को एक्यूआई कभी भी 243 से ऊपर नहीं गया। लेकिन आज एक्यूआई 500 पार है। क्या बीजेपी इस गंभीर स्थिति की जिम्मेदारी लेगी? दिल्ली के पर्यावरण मंत्री कहां हैं?’’

आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली में प्रदूषण का यह स्तर न केवल स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि यह प्रशासनिक विफलता की ओर भी इशारा करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, एक्यूआई 500 का मतलब है कि हवा में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक है और यह खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी रोगों से पीड़ित लोगों के लिए जानलेवा हो सकता है। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से आपातकालीन योजना लागू की जाए और प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए केंद्र सरकार और उपराज्यपाल कार्यालय ठोस कार्रवाई करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें