
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर एक बार फिर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। बीजेपी सांसद Sambit Patra ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के विदेश दौरों और उन पर हुए कथित भारी खर्च को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की घोषित आय और विदेश यात्राओं पर हुए खर्च के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। बीजेपी ने पूछा कि आखिर इन दौरों के लिए पैसा कहां से आया और इसकी फंडिंग किसने की।
राहुल गाँधी और कांग्रेस पार्टी — इन पांच सीधे सवालों का जवाब दें!
• क्या विदेशी यात्राओं के लिए FCRA (धारा 6) के तहत गृह मंत्रालय से अनुमति ली गई? यदि हाँ, तो विवरण क्या है?
• साल 2004-2026 के बीच विदेश यात्राओं पर हुए खर्च का बैंक स्टेटमेंट और Forex विवरण कहाँ है?
• चुनाव… pic.twitter.com/feo2NR7MO0
— Sambit Patra (@sambitswaraj) May 14, 2026
54 निजी विदेश यात्राओं का दावा
संबित पात्रा ने दावा किया कि साल 2004 से 2026 के बीच राहुल गांधी ने कुल 54 निजी विदेश यात्राएं की हैं। उन्होंने कहा कि ये यात्राएं सरकारी या संसदीय दौरे नहीं थीं, बल्कि व्यक्तिगत यात्राएं थीं। बीजेपी के अनुसार, इन विदेशी दौरों पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पात्रा ने कहा कि यह खर्च काफी बड़ा है और इसकी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।
घोषित आय और खर्च में बड़ा अंतर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने राहुल गांधी के चुनावी हलफनामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आकलन वर्ष 2013-14 से 2022-23 तक के फॉर्म-26 हलफनामों के अनुसार राहुल गांधी की कुल घोषित आय करीब 11 करोड़ रुपये रही है। बीजेपी ने सवाल उठाया कि जब 10 साल में घोषित आय केवल 11 करोड़ रुपये थी, तो फिर विदेश यात्राओं पर कथित तौर पर 60 करोड़ रुपये कैसे खर्च किए गए।
कई देशों की यात्राओं का जिक्र
संबित पात्रा ने बताया कि राहुल गांधी पिछले 22 सालों से सांसद और जन-प्रतिनिधि हैं। इस दौरान उन्होंने कई देशों की यात्राएं कीं। बीजेपी के अनुसार राहुल गांधी ने इटली, ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों का दौरा किया।
यात्राएं सार्वजनिक, लेकिन फंडिंग पर सवाल
बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल गांधी की ज्यादातर विदेश यात्राएं सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद हैं। इन दौरों से जुड़ी तस्वीरें, प्रेस कार्यक्रम, सार्वजनिक होस्ट पेज और संसद से अनुपस्थिति के रिकॉर्ड भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यात्राएं छिपी हुई नहीं हैं, लेकिन असली सवाल यह है कि इन यात्राओं का खर्च किसने उठाया और फंडिंग का स्रोत क्या था।
बीजेपी ने मांगा जवाब
अपनी बात खत्म करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के पीछे पैसा कहां से आया। बीजेपी ने मांग की कि इन यात्राओं की फंडिंग और उससे जुड़े पूरे रूट को सार्वजनिक किया जाए ताकि लोगों के सामने पूरी सच्चाई आ सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...