Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप… सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी

Delhi Assembly bomb threat

Delhi Assembly bomb threat

नई  दिल्लीः दिल्ली विधानसभा में हाल ही में कार घुसाने की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि गुरुवार सुबह एक नए खतरे ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिलने के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह ईमेल सुबह करीब 8:14 बजे दिल्ली विधानसभा के आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया। इस ईमेल में विधानसभा परिसर में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। ईमेल भेजने के लिए patrickhoptn@gmail.com नाम की आईडी का इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया है कि इस ईमेल को भेजने वाले की पहचान “शुयाओ लिन (Shuyao Lin)” के रूप में की जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी बाकी है।

ईमेल में क्या लिखा था?
ईमेल के सब्जेक्ट में “Bomb Blast Delhi Secretariat” लिखा गया था। इसके अंदर “Delhi Banayga Khalistan” जैसे शब्द लिखे गए थे, जिससे मामले में खालिस्तान एंगल से भी जांच की जा रही है।

ईमेल में अलग-अलग समय का जिक्र करते हुए हमले की बात कही गई, जैसे स्कूल में सुबह 11:11 बजे,  मुख्यमंत्री पर दोपहर 3:11 बजे, कश्मीरी मेट्रो स्टेशन पर रात 9:11 बजे। साथ ही इसमें आत्मघाती बम हमले की भी धमकी दी गई थी।

सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में
ईमेल मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) तुरंत मौके पर पहुंच गए। पूरे विधानसभा परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच में इसे झूठी धमकी (होक्स) माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा है।

मेट्रो स्टेशन और स्कूल भी अलर्ट पर
धमकी को देखते हुए न सिर्फ विधानसभा परिसर बल्कि आसपास के मेट्रो स्टेशनों और स्कूलों को भी अलर्ट कर दिया गया है। सभी जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और निगरानी तेज कर दी गई है।

पहले भी हो चुकी है संदिग्ध घटना
कुछ दिन पहले ही एक संदिग्ध व्यक्ति ने कार से विधानसभा परिसर में घुसने की कोशिश की थी। उसने सुरक्षा बैरियर तोड़ दिया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। जांच में पता चला कि उसने गेट पर रुकने से मना कर दिया था और तेज रफ्तार में अंदर जाने की कोशिश कर रहा था।

सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई
इस नई धमकी के बाद विधानसभा परिसर में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। यहां पर स्निफर डॉग्स तैनात किए गए हैं। बम स्क्वॉड लगातार जांच कर रहा है। अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। साथ ही ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है और उसके संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

जांच जारी
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। भले ही यह धमकी फर्जी लग रही हो, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

 

Exit mobile version