नई दिल्ली: शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों में कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा। कई इलाकों में एम्बुलेंस भी जाम में फंस गईं और वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर 10 अगस्त तक जारी रह सकता है। बारिश के कारण मेहरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग समेत कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
#WATCH | Heavy rain batters Delhi; Commuters face challenge as they wade through waterlogged roads in Sainik Farms area pic.twitter.com/6DnGGb3iUo
— ANI (@ANI) August 7, 2026
वहीं, पूर्वी दिल्ली के जीटी रोड, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन में भी वाहन धीरे-धीरे चलते नजर आए। सोशल मीडिया पर लोगों ने दक्षिणपुरी, ओखला, संगम विहार, सैनिक फार्म्स और मेहरौली-बदरपुर रोड के जलभराव की तस्वीरें और वीडियो साझा किए। कई जगहों पर सड़कें तालाब जैसी दिखीं और लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हुई।
सेंट्रल दिल्ली के रायसीना मार्ग, जनपथ और अशोक रोड पर भी तेज बारिश के कारण सड़कें पानी से भर गईं। बारिश और धुंध की वजह से दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को सावधानी के साथ धीमी रफ्तार में चलना पड़ा। कई जगह फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात दिखाई दीं।
#WATCH | Delhi | Latest visuals from Shivaji Bridge, formerly known as Minto Bridge, where there is no waterlogging even as heavy and continuous rain lashes the national capital today pic.twitter.com/Tt3DcTYUrI
— ANI (@ANI) August 7, 2026
बारिश के दौरान हाईवे और मुख्य सड़कों पर कारें, ट्रक, ऑटो और बाइक लंबी कतारों में फंसे रहे। खराब मौसम के कारण कई जगह यातायात लगभग ठप हो गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्रैफिक सिग्नल खराब होने और कई चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति की शिकायत भी की।
नोएडा सेक्टर-62 के रहने वाले सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि उनका रोज का सफर, जो सामान्य दिनों में करीब 45 मिनट में पूरा हो जाता है, शुक्रवार को दो घंटे से अधिक समय में पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क पर गाड़ियां रेंग रही थीं और ट्रैफिक संभालने के लिए कई जगह पुलिसकर्मी भी नजर नहीं आए। बारिश के चलते पूरे दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक जरूरी न हो, भारी बारिश के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें।