Shaniwar Astrology: हिंदू धर्म में सप्ताह के प्रत्येक दिन का विशेष धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व होता है। बता दें कि, शनिवार का दिन न्याय के देवता शनिदेव को समर्पित माना जाता है। शनि को कर्मों के अनुसार फल देने वाला ग्रह कहा गया है, जिसका प्रभाव व्यक्ति के जीवन, करियर, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति पर गहराई से पड़ता है। यही वजह है कि शनिवार के दिन कुछ विशेष नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है, खासकर खरीदारी के मामले में। मान्यता है कि इस दिन गलत वस्तुओं की खरीद शनि दोष को बढ़ा सकती है। आइए जानते हैं शनिवार को किन चीजों से दूरी बनाकर रखना चाहिए और क्या खरीदना शुभ माना जाता है।
शनिवार को लोहा खरीदना क्यों माना जाता है अशुभ?
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार लोहा सीधे तौर पर शनिदेव से जुड़ा हुआ है। शनिवार के दिन लोहे या लोहे से बनी वस्तुएं खरीदने से घर में तनाव, कलह और मानसिक दबाव बढ़ सकता है। यदि किसी को लोहा दान करना हो, तो बेहतर होता है कि उसे किसी अन्य दिन खरीदकर शनिवार को दान किया जाए।
नमक और काले तिल को लेकर क्या कहती हैं मान्यताएं?
शनिवार को नमक खरीदने को धन हानि और बढ़ते खर्चों से जोड़ा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है और कर्ज की स्थिति भी बन सकती है। वहीं काले तिल, जो शनि पूजा में प्रयोग किए जाते हैं, उन्हें भी शनिवार के दिन खरीदना शुभ नहीं माना गया है। पूजा के लिए काले तिल एक दिन पहले ही ले लेना बेहतर माना जाता है।
इन चीजों की खरीदारी से भी बचें
शनिवार को शनिदेव को सरसों का तेल अर्पित करना शुभ माना जाता है, लेकिन इसी दिन तेल खरीदना अशुभ फल दे सकता है। मान्यता है कि इससे स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा काले रंग के जूते, चप्पल या चमड़े से बनी वस्तुएं खरीदने से करियर में रुकावट और कार्यक्षेत्र में असफलता का सामना करना पड़ सकता है। कुछ धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनिवार को झाड़ू खरीदने से घर की सकारात्मक ऊर्जा कमजोर होती है और आर्थिक नुकसान की आशंका रहती है।
ये भी पढ़ें: उधमपुर में सांसद जुगल किशोर बोले, बजट 2026-27 सुरक्षा व जनता केंद्रित
शनिवार को क्या खरीदना होता है शुभ?
हालांकि शनिवार को नए काले कपड़े खरीदना शुभ नहीं माना जाता, लेकिन दान के लिए काले वस्त्र लेना लाभकारी माना गया है। इसके अलावा इस दिन पूजा सामग्री, अनाज, चावल, आटा और शनिदेव या भगवान शिव से संबंधित वस्तुएं खरीदना शुभ फल देता है। इन चीजों की खरीद से शनि दोष के प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्थाओं और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इनका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। पाठक किसी भी निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

