Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

Vaibhav Laxmi Vrat: पहली बार कर रहे हैं शुक्रवार का यह व्रत? जानिए पूजा की पूरी प्रक्रिया और लाभ

February 6, 2026

Vaibhav Laxmi Vrat: पहली बार कर रहे हैं शुक्रवार का यह व्रत? जानिए पूजा की पूरी प्रक्रिया और लाभ

Vaihav Laxmi Vrat Vidhi: धार्मिक मान्यताओं में मां लक्ष्मी को धन, ऐश्वर्य और सुख-समृद्धि की देवी माना जाता है। इन्हीं के एक विशेष स्वरूप मां वैभव लक्ष्मी को समर्पित शुक्रवार का व्रत आर्थिक उन्नति, मानसिक शांति और पारिवारिक खुशहाली के लिए किया जाता है। जो लोग पहली बार यह व्रत रखने जा रहे हैं, उनके लिए इसकी विधि, महत्व और फायदे जानना बेहद जरूरी है।

कौन रख सकता है वैभव लक्ष्मी व्रत?

मां वैभव लक्ष्मी का व्रत कोई भी श्रद्धालु रख सकता है। खासतौर पर वे लोग जो लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं या जिनके प्रयासों के बावजूद धन संबंधी समस्याएं खत्म नहीं हो पा रही हैं, उन्हें यह व्रत करने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा जो भविष्य में आर्थिक स्थिरता और समृद्धि चाहते हैं, वे भी शुक्रवार का यह व्रत रख सकते हैं।

वैभव लक्ष्मी व्रत का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी के आठ स्वरूपों में वैभव लक्ष्मी एक प्रमुख रूप हैं। इनकी आराधना से जीवन में धन की कमी दूर होती है और घर में सुख-वैभव बना रहता है। माना जाता है कि शुक्रवार के दिन पूरे श्रद्धा भाव से यह व्रत करने से रुके हुए काम पूरे होते हैं और आर्थिक संकट से राहत मिलती है।

ये भी पढ़ें : इन 2 राशियों के लिए आज का दिन ‘चिंता भरा’, जानें अन्य राशियों का हाल

कब शुरू करें यह व्रत?

यह व्रत किसी भी महीने के शुक्ल पक्ष के शुक्रवार से आरंभ किया जा सकता है। श्रद्धालु अपनी क्षमता और इच्छा के अनुसार 11 या 21 शुक्रवार तक व्रत रखने का संकल्प ले सकते हैं। मान्यता है कि मलमास और खरमास के दौरान इस व्रत की शुरुआत या समापन (उद्यापन) नहीं करना चाहिए।

वैभव लक्ष्मी व्रत की पूजा विधि

व्रत के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद मां लक्ष्मी की पूजा कर व्रत का संकल्प लें। दिनभर उपवास रखें और फलाहार करें। इस दौरान मन को शांत रखें, नकारात्मक विचारों, ईर्ष्या और विवाद से दूर रहें।

शाम के समय पूजा की तैयारी करें। पूर्व दिशा की ओर मुख करके साफ आसन पर बैठें। एक चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर उस पर मां वैभव लक्ष्मी की मूर्ति या चित्र स्थापित करें। पास में लक्ष्मी श्री यंत्र हो तो उसे भी रखें। चावल के ऊपर तांबे का कलश रखें, उसमें जल भरें और ऊपर कटोरी में सोने-चांदी का आभूषण या कुछ सिक्के रखें।

मां को लाल चंदन का तिलक लगाएं और गुलाबी कनेर या लाल फूल अर्पित करें। भोग में चावल की खीर सर्वोत्तम मानी जाती है, हालांकि गुड़ या मिश्री भी अर्पित की जा सकती है। इसके बाद वैभव लक्ष्मी व्रत कथा का पाठ करें और परिवार के अन्य सदस्यों को भी पूजा में शामिल करें।

कथा के बाद गणेश जी और मां लक्ष्मी की आरती करें, प्रसाद वितरित करें और अपनी मनोकामना माता के चरणों में रखें। अगले दिन पूजा में रखे चावल पक्षियों को खिलाएं और कलश का जल घर के कोनों में छिड़कें, शेष जल किसी पौधे में अर्पित करें।

ये भी पढ़ें :हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 6 फरवरी 2026

वैभव लक्ष्मी व्रत के लाभ

इस व्रत को करने से आर्थिक परेशानियों से राहत मिलने की मान्यता है। घर में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। व्रती को मानसिक स्थिरता और आत्मिक शुद्धता का अनुभव होता है। व्यापार और नौकरी में उन्नति के योग बनते हैं। माना जाता है कि नियम, श्रद्धा और सात्विकता से किया गया यह व्रत जीवन में धन, सम्मान और शांति प्रदान करता है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। दैनिक सवेरा टाइम्स एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें