Site icon Dainik Savera Times

Vishwakarma Puja 2026: सितंबर में इस दिन होगी विश्वकर्मा पूजा, जानें सही तारीख और शुभ मुहूर्त

Vishwakarma Puja 2026

Vishwakarma Puja 2026

Vishwakarma Puja 2026: हिंदू धर्म में भगवान विश्वकर्मा को देव शिल्पी और वास्तुकार के रूप में पूजा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा ने कई भव्य भवनों और दिव्य अस्त्र-शस्त्रों का निर्माण किया था। यही वजह है कि विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कारखानों, दुकानों, वर्कशॉप, कार्यालयों और अन्य कार्यस्थलों पर मशीनों, औजारों और उपकरणों की पूजा की जाती है।

हर साल कन्या संक्रांति के दिन विश्वकर्मा पूजा मनाने की परंपरा है। ऐसे में आइए जानते हैं 2026 में विश्वकर्मा पूजा कब होगी और इस दिन पूजा के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा।

17 सितंबर को मनाई जाएगी विश्वकर्मा पूजा

पंचांग के अनुसार इस वर्ष विश्वकर्मा पूजा 17 सितंबर 2026, गुरुवार को मनाई जाएगी। पूजा के लिए शुभ समय सुबह 7:58 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक बताया गया है।

वहीं, इस अवधि में अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:51 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक रहेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस समय पूजा करना विशेष शुभ माना जाता है।

कार्यस्थल पर ऐसे करें भगवान विश्वकर्मा की पूजा

विश्वकर्मा पूजा के दिन सुबह स्नान आदि करने के बाद कार्यस्थल की साफ-सफाई करें। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करके विधि-विधान से पूजा करें।

कारखाने, दुकान, ऑफिस और वर्कशॉप में मौजूद मशीनों, औजारों, उपकरणों तथा वाहनों को भी पूजा में शामिल किया जाता है। इन पर रोली और हल्दी से तिलक लगाकर पुष्प अर्पित करने की परंपरा है।

पूजा के दौरान करें मंत्रों का जाप

पूजा के दौरान हाथ में फूल और अक्षत लेकर भगवान विष्णु का ध्यान करने की परंपरा बताई गई है। इसके साथ निम्न मंत्रों का जाप किया जाता है:

‘ॐ आधार शक्तये नमः’
‘ॐ कूमयि नमः’
‘ॐ अनन्तम नमः’
‘पृथिव्यै नमः’

पूजा के दौरान भगवान विश्वकर्मा से कार्यस्थल, मशीनों और औजारों के सुचारू संचालन तथा कारोबार की उन्नति के लिए प्रार्थना की जाती है। अंत में भगवान को प्रणाम करके सभी लोगों में प्रसाद वितरित किया जाता है।

विश्वकर्मा पूजा का क्या है महत्व?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विश्वकर्मा पूजा करने से कारोबार और कार्यक्षेत्र में तरक्की के लिए भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस दिन मशीनों और औजारों की पूजा करना विशेष महत्व रखता है।

मान्यता है कि विश्वकर्मा पूजा से कार्यों में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और मशीनरी व उपकरणों की सुरक्षा बनी रहती है। कई कारोबारी इस दिन अपने प्रतिष्ठान की समृद्धि और उन्नति के लिए विशेष पूजा-अर्चना करते हैं।

ये भी पढ़ें…

मशीनों और औजारों की भी होती है पूजा

विश्वकर्मा पूजा की खास परंपरा यह है कि इस दिन केवल भगवान की पूजा नहीं की जाती, बल्कि रोजमर्रा के काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों, मशीनों और वाहनों को भी सम्मानपूर्वक पूजा जाता है।

Exit mobile version