Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

अक्षय कुमार, फरहान अख्तर और जाह्न्वी कपूर समेत फिल्मी हस्तियों ने किया मतदान

May 20, 2024

अक्षय कुमार, फरहान अख्तर और जाह्न्वी कपूर समेत फिल्मी हस्तियों ने किया मतदान


मुंबई। बॉलीवुड कलाकारों अक्षय कुमार, फरहान अख्तर, राजकुमार राव, जाह्न्वी कपूर और कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने मुंबई में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान किया। महाराष्ट्र की 13 लोकसभा सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे से जारी है। राज्य की इन 13 में से छह सीट मुंबई की हैं। अक्षय कुमार ने जुहू में मतदान करने के बाद कहा, मैं अपने भारत को विकसित व मजबूत बनाना चाहता हूं और अपना वोट डालते हुए मैंने यह बात अपने दिमाग में रखी। सभी भारतीयों को यह ध्यान रखना चाहिए कि उनके लिए क्या सही है और फिर मतदान करना चाहिए। भारतीय नागरिकता प्राप्त होने के बाद अक्षय कुमार ने पहली बार मतदान किया है।


बांद्रा के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए कतार में खड़े फरहान अख्तर ने कहा, मेरा वोट अच्छे शासन के लिए। ऐसी सरकार जो सभी लोगों को ध्यान में रखे और हमें एक बेहतर शहर दे। अभिनेता-निर्माता ने लोगों, विशेष तौर पर युवाओं से मतदान करने का आग्रह किया।


अख्तर ने कहा, मैंने किसी से सुना कि युवा लोग गर्मी की शिकायत कर रहे हैं लेकिन इतनी गर्मी तो नहीं है इसलिए घर से बाहर निकलें और वोट करें। पूर्व सांसद और अभिनेता परेश रावल, अभिनेत्री सान्या मल्होत्र, श्रिया शरण और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर सहित बॉलीवुड की अन्य कई हस्तियों ने वोट डाला।


आशुतोष ने अपनी तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर लिखा, मतदान करें क्योंकि आपके पास विकल्प है। मतदान करें क्योंकि यह आपका कर्तव्य है। मतदान करें क्योंकि यह आपका अधिकार है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें