चंडीगढ़। नगर निकाय चुनाव के लिए इंडियन नेशनल लोकदल ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। सोनीपत निगम के लिए आनंद खत्री और पंचकूला नगर निगम के लिए मनोज अग्रवाल को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। अंबाला निगम के लिए मेयर पद के उम्मीदवार की घोषणा अभी नहीं हुई है।
अभय चौटाला ने सरकार को कई मोर्चों पर घेरा। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद के दौरान पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं की मंडियों में ड्यूटी लगाई थी और सहायक केंद्र भी खोले थे, जिससे कि किसानों को किसी तरह की परेशानी ना हो। सरकार की नीतियों के कारण किसानों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बायोमेट्रिक व्यवस्था पर उठाए सवाल: अभय चौटाला ने कहा कि सरकार को पहले ही चेताया था कि गेहूं खरीद में बायोमेट्रिक प्रक्रिया लागू न की जाए, लेकिन इसके बावजूद इसे लागू किया।
इससे किसानों को परेशानी हुई और अब हालात ऐसे हैं कि गेहूं का उठान सही तरीके से नहीं हो पा रहा। देरी के कारण किसानों के खातों में भुगतान भी समय पर नहीं पहुंच रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। आरोप लगाते हुए कहा चौटाला ने कहा कि उनकी मंशा किसानों की गेहूं को निजी कंपनियों के साइलो में भेजने की थी, जहां कमियां निकालकर फसल को कम कीमत पर खरीदा जा सके। उन्होंने दावा किया कि इनेलो के दबाव के कारण सरकार को पीछे हटना पड़ा और मंडियों में खरीद प्रक्रिया को जारी रखना पड़ा।
मुख्यमंत्री के विशेष सत्र पर चौटाला ने कहा कि सरकार के पास महिला बिल पर निंदा प्रस्ताव लाने का समय है, लेकिन किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने का समय नहीं है। जो बिल लोकसभा में पारित नहीं हो पाया, उसकी चर्चा राज्य में करने का कोई औचित्य नहीं। सरकार इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही है। अभय ने किसानों की जमीन रजिस्ट्री प्रक्रिया पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अब रजिस्ट्री के लिए कम समय दिया जा रहा है और कई अधिकारियों के पास जाना पड़ता है, जिससे प्रक्रिया जटिल हो गई है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...