Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

चाहने वालों को ‘उदास’ कर गए पंकज, इन हस्तियों ने व्यक्त किया शोक

February 27, 2024

चाहने वालों को ‘उदास’ कर गए पंकज, इन हस्तियों ने व्यक्त किया शोक

चांदी जैसा रंग है तेरा… सोने जैसे बाल हो या फिर चिट्ठी आई है… आई है चिट्ठी आई है जैसे गाने आज भी जुबां पर आ ही जाते हैं, लेकिन इसे गाने वाले मशहूर गजल गायक और बॉलीवुड सिंगर पंकज उधास अब हमारे बीच नहीं रहे। सोमवार को 72 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। लेजैंडरी सिंगर पंकज उधास अपने पीछे करोड़ों की संपत्ति छोड़ गए हैं। उनके पीछे परिवार में पत्नी फरीदा उधास और 2 बेटियां नायाब उधास व रिवा उधास हैं।

परिवार के लिए छोड़ गए करोड़ों की संपत्ति
17 मई 1951 में एक गुजराती फैमिली में जन्मे पंकज उधास के निधन की जानकारी बेटी नायाब उधास ने शेयर की है। इस खबर से पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। अपनी गायकी से लोगों को दीवाना बनाने वाले पंकज उदास की संपत्ति के बारे में बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे अपने पीछे करीब 25 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति छोड़ गए हैं। वे लग्जरी लाइफ जीते थे और फिल्मों- इवैंट्स में सिंगिंग के अलावा यूट्यूब के जरिए भी कमाई करते थे।

करोड़ों का है उधास का 3 मंजिला घर
पंकज उधास का घर जिस पेडर रोड पर स्थित है, वहां वॉलीबुड और बिजनैस जगत की कई दिग्गज हस्तियों का आशियाना है। इस 3 मंजिला आलीशान घर की कीमत भी करोड़ों में बताई जाती है। दिवंगत गायक के इस घर से एशिया के सबसे अमीर इंसान मुकेश अंबानी का घर एंटीलिया करीब 300 मीटर की दूरी पर है।

पद्मश्री से सम्मानित थे पंकज
संगीत की दुनिया में अपनी अलग छाप छोड़ने वाले पंकज उधास को इस सैक्टर में उनके शानदार योगदान के लिए साल 2006 में भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उनकी पत्नी फरीदा एक एयरहोस्टेस थीं, लेकिन उनकी दोनों बेटियां संगीत से जुड़ी हुई हैं। एक ओर जहां नायाब उधास ने भारतीय क्लासिकल म्यूजिशियन ओजस अधिया से शादी की और खुद का एक म्यूजिक बैंड चलाती हैं, वहीं दूसरी बेटी रिवा भी म्यूजिक इंडस्ट्री से ही जुड़ी हैं, हालांकि लाइमलाइट से दूर रहती है।

महज 51 रुपए थी उनकी पहली कमाई
पंकज उधास की पहली कमाई के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने गाने की शुरुआत अपने भाई के साथ उस समय की थी, जबकि चीन और भारत के बीच युद्ध का माहौल था। ऐसे समय में जब देशभक्ति का रंग हर ओर छाया हुआ था पंकज उधास ने एक कार्यक्रम में ऐ वतन के लोगों गाना गाकर सबको अपना फैन बना लिया।

खास बात ये है कि इस गाने के लिए उन्हें ईनाम के तौर पर 51 रुपए का ईनाम दिया गया था और यही सिंगिंग से उनकी पहली कमाई थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और गायकी व गजल की दुनिया में अलग मुकाम हासिल किया।

बॉलीवुड में शोक
‘मेरे बचपन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा आज खो गया है। पंकज उधास जी, मैं आपको हमेशा याद करूंगा। यह जानकर मेरा दिल रोता है कि आप नहीं रहे। आपके होने के लिए आपका शुक्रिया… शांति।’ – सोनू निगम

संगीत के दिग्गज पंकज उधास जी के निधन से बहुत दु:खी हूं। उनकी गजलों ने दुनिया भर के लोगों की आत्मा को छू लिया। उनकी विरासत हमेशा हमारे दिलों में रहेगी! शांति। – माधुरी दीक्षित

‘पंकज का जाना म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुक्सान है, जिसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती।’ – शंकर महादेवन

शॉकिंग…. म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गज और मेरे दोस्त पंकज उधास का निधन। हम इस मुश्किल समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। – अनूप जलोटा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें