Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पत्नी से अलग हुए A. R. Rahman, कहा- ‘उम्मीद थी 30 साल पूरे कर लेंगे’

November 20, 2024

पत्नी से अलग हुए A. R. Rahman, कहा- ‘उम्मीद थी 30 साल पूरे कर लेंगे’

A. R. Rahman Separated Wife : ऑस्कर विजेता संगीतकार ए आर रहमान और उनकी पत्नी सायरा बानो ने 29 साल की शादी के बाद अलग होने का फैसला किया है। इसको लेकर संगीतकार ने एक भावुक नोट लिखा। उन्होंने इसे तोड़ कर रख देने वाला फैसला बताया है और कहा है कि उन्हें उम्मीद थी यह रिश्ता तीस साल तक कायम रहेगा। अपने रिश्ते के अंत के बारे में बात करते हुए रहमान ने एक्स पर लिखा, कि ‘हमें उम्मीद थी कि हम तीस साल पूरे कर लेंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि सभी चीजों का एक अदृश्य अंत होता है। टूटे हुए दिलों के वजन से ऊपर वाले का सिंहासन भी कांप सकता है। फिर भी, इस बिखराव में, हम अर्थ की तलाश करते हैं, भले ही टुकड़ों को फिर से अपनी जगह न मिले।‘

‘हमारे दोस्तों, आपके प्यार और इस नाजुक अध्याय से गुजरते हुए हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।‘ 19 नवंबर को ए.आर. रहमान और सायरा बानो के अलग होने की खबरें तब आने लगी थीं, जब सायरा ने तलाक के बारे में एक बयान जारी किया। ऐसी खबरें थीं कि सायरा ने तलाक के पीछे भावनात्मक तनाव को कारण बताया। इस तनाव के कारण जोड़े के बीच एक बड़ी खाई पैदा हो गई है।

सायरा की वकील वंदना शाह ने जोड़े के अलग होने के फैसले के संबंध में एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है, कि ‘शादी के कई सालों बाद, सायरा ने अपने पति एआर रहमान से अलग होने का कठिन निर्णय लिया है। यह निर्णय उनके रिश्ते में महत्वपूर्ण भावनात्मक तनाव के बाद आया है। एक-दूसरे के प्रति अपने गहरे प्यार के बावजूद, दंपति ने पाया है कि तनाव और कठिनाइयों ने उनके बीच एक खाई पैदा कर दी है, जिसे खत्म नहीं किया जा सकता।’

इसमें कहा गया है, ‘सायरा ने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने यह निर्णय दर्द और पीड़ा के कारण लिया है। सायरा इस चुनौतीपूर्ण समय के दौरान जनता से निजता और उनके मनोभावों को समझने की कामना करती हैं, क्योंकि वह अपने जीवन के इस कठिन अध्याय से गुजर रही हैं।’

1995 में रहमान और सायरा की अरेंज मैरिज हुई थी। उनके तीन बच्चे खतीजा, रहीमा और अमीन हैं। रहमान के बेटे एआर अमीन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन में सभी से उनकी निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया। उन्होंने लिखा, कि ‘हम सभी से इस समय हमारी निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। आपकी समझदारी के लिए धन्यवाद‘।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें